कटनी जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र के बिलायत खुर्द ग्राम में गुरुवार सुबह 21 वर्षीय युवक ने चूहा मारने वाली जहरीली दवा का सेवन कर लिया। उसकी हालत गंभीर होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद कटनी जिला अस्पताल रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, बिलायत खुर्द निवासी 21 वर्षीय जगन्नाथ बर्मन (पिता हर प्रसाद बर्मन) ने अपने घर में यह जहर खाया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया और वे तुरंत युवक को निजी साधन से बड़वारा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़वारा में चिकित्सकों ने जगन्नाथ बर्मन को तत्काल प्राथमिक उपचार दिया। हालांकि, उसकी गंभीर होती हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए कटनी जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। युवक के भाई राहुल बर्मन ने बताया कि जगन्नाथ ने किन कारणों से जहरीली दवा का सेवन किया, इसकी जानकारी परिवार में किसी को नहीं है। घटना के पीछे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।बड़वारा पुलिस ने इस मामले को संज्ञान में लिया है और घटना के पीछे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। युवक की हालत फिलहाल गंभीर बनी हुई है और जिला अस्पताल में उसका उपचार जारी है।


