बैतूल जिला अस्पताल में NQAS टीम का निरीक्षण:भोजनशाला, स्टोर सहित आठ विभागों की जांच; कल भी जारी रहेगा आकलन

नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड (NQAS) की तीन सदस्यीय टीम ने शुक्रवार को बैतूल जिला अस्पताल का दौरा किया। टीम ने अस्पताल के विभिन्न विभागों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की गुणवत्ता का आकलन किया। टीम में डॉ. हर्षा गुप्ता, निलेश गर्ग और संजुलता भार्गव शामिल हैं। टीम ने सबसे पहले अस्पताल के भूतल पर स्थित दवाई वितरण केंद्र का निरीक्षण किया। यहां दवाओं की उपलब्धता, स्टॉक और वितरण प्रक्रिया की जानकारी ली गई। टीम ने रिकॉर्ड को अद्यतन रखने के निर्देश दिए। इसके बाद टीम अस्पताल की भोजनशाला पहुंची, जहां मरीजों के लिए तैयार भोजन की गुणवत्ता जांची गई। टीम ने भोजन के पतीलों का अवलोकन किया, हालांकि भोजन चखकर उसकी गुणवत्ता की विस्तृत जांच नहीं की गई। टीम भोजनशाला में लगभग एक मिनट तक रुकी। आरएमओ डॉ. रानू वर्मा ने बताया कि टीम ने देर शाम तक आठ विभागों का सर्वे किया। यह नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस के लिए एक मूल्यांकन था, जिसमें यह देखा जा रहा है कि अस्पताल में आने वाले मरीज को कितने समय में इलाज मिलता है और इलाज की गुणवत्ता कितनी बेहतर है। टीम अपनी रिपोर्ट मूल्यांकन के बाद राज्य स्तरीय संगठन को भेजेगी, जिसका परिणाम एक माह में आने की संभावना है। टीम का निरीक्षण कल (शनिवार) भी जारी रहेगा। अंतिम रिपोर्ट तैयार होने के बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति सामने आएगी। उल्लेखनीय है कि हाल ही में अस्पताल में आगजनी की घटना हुई थी, जिसके बाद धुएं के कारण कई वार्ड खाली कराने पड़े थे। इसके अतिरिक्त, एक महिला मरीज को समय पर इलाज न मिलने से मौत के बाद भी हंगामा हो चुका है। अस्पताल में इलाज में लापरवाही और कथित डॉक्टरों द्वारा पैसे मांगने की शिकायतें भी पहले सामने आई हैं। इन घटनाओं के मद्देनजर अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल उठते रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *