बैतूल नगर पालिका ने कचरा शुल्क ₹20 से ₹100 किया:परिषद बैठक में सीवरेज प्रोजेक्ट समेत 33 प्रस्तावों पर फैसले; सीवरेज निर्माण के लिए मंजूरी

बैतूल नगरपालिका परिषद की साधारण सभा की बैठक आज (शुक्रवार) हुई, जिसमें 33 विषयों पर चर्चा कर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में नपाध्यक्ष पार्वती बारस्कर, उपाध्यक्ष महेश राठौर, सीएमओ सतीश मटसेनिया सहित सभी पार्षद उपस्थित रहे। बैठक में सबसे पहले अवैध नल कनेक्शनों को निर्धारित शुल्क लेकर वैध करने का निर्णय लिया गया। घर-घर कचरा संग्रहण का ठेका दो माह के लिए बढ़ा दिया गया जबकि कचरा उठान शुल्क में बड़ा बदलाव किया गया है। अब आवासीय क्षेत्रों में शुल्क ₹20 से बढ़ाकर ₹100 प्रति माह, और औद्योगिक इकाइयों पर ₹150 से घटाकर ₹100 प्रति माह कर दिया गया है। सेप्टिक टैंक सफाई शुल्क ₹3000 प्रति टैंकर और शादी समारोह के कचरा उठान शुल्क को ₹1000 से बढ़ाकर ₹2500 किया गया है। वहीं, शादी समारोह में कचरा सफाई और उठाने का शुल्क ₹2000 से बढ़ाकर ₹4000 तय किया गया। कोरकू मूर्ति स्थापना का प्रस्ताव भी मंजूर
इसके अलावा अग्नि सुरक्षा प्रमाण पत्र शुल्क ₹500 से बढ़ाकर ₹2500 करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास हुआ। बैठक में नगर को प्लास्टिक एवं डिस्पोजल फ्री विवाह समारोहों को बढ़ावा देने का निर्णय लिया गया। नया फिल्टर प्लांट बनाने, तथा जंगल सत्याग्रह के नायक सरदार गंजन सिंह कोरकू की मूर्ति स्थापना के प्रस्तावों को भी मंजूरी मिली। गरीबों के लिए दीनदयाल रसोई संचालन जारी रखने का भी निर्णय हुआ। 75 करोड़ से होगा सीवरेज निर्माण
वहीं, अमृत 2.0 योजना के तहत शहर में सीवरेज निर्माण के लिए उत्तर प्रदेश की अक्षिता कंस्ट्रक्शन गोंडा कंपनी को कार्य स्वीकृति दी गई है। कंपनी को यह काम ₹75 करोड़ 55 लाख 61 हजार 246 की दर पर सौंपा गया है, जिसके लिए ₹100 करोड़ की DPR तैयार की गई थी। बैठक में अन्य प्रस्तावों में अभिनंदन सरोवर के आसपास पविंग ब्लॉक लगाने का ₹83 लाख का प्रस्ताव, और देशबंधु वार्ड में मंगल भवन निर्माण के लिए ₹51 लाख 77 हजार 500 की स्वीकृति भी शामिल रही।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *