बैतूल में जनसुनवाई में कलेक्टर का सख्त रुख:एक पटवारी निलंबित, दूसरे पर FIR के आदेश; 98 शिकायतों पर त्वरित निर्देश

बैतूल कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में आयोजित जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने कई मामलों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसमें पटवारियों की लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए एक को निलंबित करने और दूसरे के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के आदेश शामिल हैं। जनसुनवाई में कुल 98 आवेदन प्राप्त हुए। भैंसदेही के ग्राम रातामाटी के ग्रामीणों ने शिकायत की कि लगभग 13 हेक्टेयर भूमि पर पटवारी ने किसी अन्य व्यक्ति का नाम दर्ज कर दिया है। इस पर कलेक्टर ने एसडीएम भैंसदेही को जांच कर शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित पटवारी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। इसी तरह, भीमपुर तहसील के ग्राम डोरी की आवेदक मीना रघुवंशी की शिकायत पर भूमि सीमांकन में लापरवाही बरतने वाले पटवारी को निलंबित करने के आदेश दिए गए। जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों में भूमि विवाद, सीमांकन, मजदूरी भुगतान, अतिक्रमण और बिजली संबंधी समस्याएं प्रमुख रहीं। चिचोली के विवेकानंद वार्ड के रहवासियों ने ट्रेंचिंग ग्राउंड में रात के समय लगाई जा रही आग से फैलते प्रदूषण की शिकायत की। कलेक्टर ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए चिचोली नगर परिषद के सीएमओ को आगजनी की घटनाओं पर तत्काल रोक लगाने और दोषियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्राम केरपानी के 12 श्रमिकों ने मजदूरी भुगतान न मिलने की शिकायत की, जिस पर कलेक्टर ने जनपद भैंसदेही के सीईओ को शीघ्र भुगतान कराने को कहा। वहीं, ग्राम लापाझिरी के किसानों की मांग पर एमपीईबी को खराब ट्रांसफॉर्मर बदलने के निर्देश दिए। कलेक्टर सूर्यवंशी ने इस अवसर पर कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निवारण है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। देखिए तस्वीरें…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *