बैतूल में पहली बार राज्य स्तरीय बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। राज्य शरीर शौष्ठव संस्था मध्य प्रदेश मुख्यालय उज्जैन के तत्वावधान में होने वाली इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर से करीब 300 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। 9 फरवरी को दिलबहार चौक, गंज में शाम 6:30 बजे से इस प्रतियोगिता का शुभारंभ होगा। इस प्रतियोगिता में विजेताओं को कुल तीन लाख रुपए की पुरस्कार राशि वितरित की जाएगी। प्रतियोगिता में प्रतिष्ठित “विजय श्री ट्रॉफी” और “चैंपियन ऑफ चैंपियंस” का खिताब भी दिया जाएगा। प्रतियोगिता की निष्पक्षता के लिए उज्जैन से 20 अनुभवी जज आमंत्रित किए गए हैं। तैयारियां जोरों पर बैतूल जिला बॉडीबिल्डिंग संगठन के अध्यक्ष रंजीत शिवहरे ने बताया कि खिलाड़ियों और जजों के लिए ठहरने और भोजन की समुचित व्यवस्था की गई है। संगठन के सचिव उमाकांत मालवीय और भाजपा गंज मंडल अध्यक्ष विकास मिश्रा सहित कई पदाधिकारी आयोजन की तैयारियों में जुटे हैं। फिटनेस के प्रति प्रेरित करने का सशक्त माध्यम जोशीले संगीत के साथ आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में प्रतिभागी अपनी मसल्स और फिटनेस का प्रदर्शन करेंगे। यह आयोजन बैतूल में बॉडीबिल्डिंग को नई पहचान देने के साथ-साथ युवाओं को फिटनेस के प्रति प्रेरित करने का एक सशक्त माध्यम बनेगा। जिले में इस प्रतियोगिता को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है।


