बैतूल-छिंदवाड़ा हाइवे पर दो दिन पहले हुए सड़क हादसे में घायल तीन युवकों में से एक की बीती रात इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान जेताढाना निवासी 35 वर्षीय राजू पिता शिवदीन के रूप में हुई है। राजू को पैरों में गंभीर चोटें आई थीं। जिला अस्पताल पुलिस चौकी मृतक का पोस्टमार्टम कराएगी। यह हादसा शुक्रवार रात दुनावा मैनी खापा क्षेत्र में हुआ था। प्रारंभिक जांच के अनुसार, तीन युवक एक ही बाइक पर तेज रफ्तार से जा रहे थे। मोड़ पर बाइक अनियंत्रित होकर सड़क से फिसल गई, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उंगली कटी, हाथ में था फ्रैक्चर
हादसे में लिलाझर निवासी 17 वर्षीय अजय पिता बोबिया के हाथ की एक उंगली कट गई और हाथ में गंभीर फ्रैक्चर आया। जेताढाना निवासी 23 वर्षीय राहुल पिता साहेबलाल नानकर के पैर में गहरा फ्रैक्चर हुआ। मृतक राजू भी जेताढाना का निवासी था और उसे सबसे गंभीर चोटें आई थीं। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों को मुलताई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से 108 एंबुलेंस द्वारा शनिवार रात करीब 1 बजे बैतूल जिला अस्पताल रेफर किया गया। उन्हें लगभग 2 बजे जिला अस्पताल में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया था। गंभीर रूप से घायल राजू की हालत आईसीयू में लगातार बिगड़ती गई। शनिवार रविवार की रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। ड्यूटी पर तैनात डॉ. अंकित श्रीवास्तव ने उन्हें मृत घोषित किया। फिलहाल अन्य दो घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का प्रमुख कारण बताया गया है।


