बैतूल शहर में आपसी रंजिश और छोटे विवाद अब हिंसक घटनाओं में बदल रहे हैं। रविवार रात को कोतवाली थाना क्षेत्र के सदर स्थित शराब दुकान और मटन मार्केट के पास चाकूबाजी की एक और वारदात सामने आई है। इस घटना में दो युवक घायल हुए हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, जयप्रकाश वार्ड निवासी शाहरुख खान (31) रात करीब 8 बजे सदर मटन मार्केट में चिकन लेने पहुंचे थे। वहां उनका मटन दुकान संचालक इमरान और इरफान से पुराना विवाद था। बताया गया कि चिकन देने से मना करने पर दोनों पक्षों में झगड़ा शुरू हो गया, जो जल्द ही मारपीट में बदल गया। इसी दौरान दुकान संचालक ने चिकन काटने वाले चाकू से शाहरुख के पेट में दो बार वार कर दिए। दोनों घायलों का जिला अस्पताल में उपचार हो रहा
झगड़े में बीच-बचाव करने आए जयप्रकाश वार्ड निवासी मनोज वाडीवा (28) भी घायल हो गए। दोनों घायलों को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घायल शाहरुख ने पुलिस को बताया कि इमरान और उसका भाई इरफान लंबे समय से उनसे रंजिश रखते थे और रविवार को उन्होंने मौका पाकर हमला कर दिया। जांच अधिकारी उप निरीक्षक अरुण यादव ने जानकारी दी कि शुरुआती जांच में विवाद चिकन देने को लेकर शुरू हुआ था। पुलिस ने मामले में आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। बैतूल में हाल के दिनों में चाकूबाजी की घटनाओं में वृद्धि देखी जा रही है। छोटी-छोटी बातों पर होने वाले ऐसे हमले शहर में चिंता का विषय बने हुए हैं।


