बैतूल में राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, एथलेटिक ट्रैक बनेगा:मुख्यमंत्री विशेष निधि से 5 करोड़ की परियोजनाएं, टेंडर जारी

बैतूल जिले में खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए महत्वपूर्ण पहल की गई है। बैतूल को राष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट स्टेडियम और सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक की सौगात मिली है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और स्थानीय विधायक हेमंत खंडेलवाल के प्रयासों से मुख्यमंत्री विशेष निधि के तहत लगभग 5 करोड़ रुपए की लागत से इन परियोजनाओं का निर्माण होगा। नगर पालिका बैतूल ने इसके टेंडर जारी कर दिए हैं। इन सुविधाओं के विकसित होने से जिले के खिलाड़ियों को बैतूल में ही बेहतर प्रशिक्षण और प्रतियोगिता के अवसर मिलेंगे। इससे राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी संभव हो पाएगा। उत्कृष्ट विद्यालय बैतूल की भूमि पर लगभग 4.5 करोड़ रुपए की लागत से एक सर्वसुविधायुक्त क्रिकेट स्टेडियम बनाया जाएगा। इसमें लगभग एक हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी। स्टेडियम में पेवेलियन भवन, बाउंड्री वॉल, फेंसिंग, आरसीसी ड्रेनेज, प्रवेश द्वार, पार्किंग, रेस्ट रूम, शौचालय, इलेक्ट्रिफिकेशन और सिटिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं होंगी। यह स्टेडियम राष्ट्रीय मापदंडों के अनुरूप तैयार किया जाएगा। 40 लाख रुपए से बनेगा एथलेटिक ट्रैक
पुलिस परेड ग्राउंड बैतूल में लगभग 40 लाख रुपए की लागत से 100-100 मीटर लंबे पांच लेन के सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक का निर्माण होगा। यह ट्रैक जिले के छात्र-छात्राओं को सेना, पुलिस, वन विभाग और अन्य सेवाओं की शारीरिक दक्षता परीक्षाओं की तैयारी में मदद करेगा। एथलेटिक्स खिलाड़ियों को भी स्थानीय स्तर पर आधुनिक प्रशिक्षण सुविधा मिलेगी। विधायक हेमंत खंडेलवाल ने बताया कि बैतूल में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, उन्हें केवल उचित मंच और संसाधनों की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से जिले में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित किया जा रहा है। इसमें क्रिकेट, हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और एथलेटिक्स जैसे खेलों के लिए आधुनिक अधोसंरचना तैयार की जाएगी। इन परियोजनाओं से बैतूल जिले को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर एक नई पहचान मिलेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *