बैतूल जिले के रानीपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को धाराखोह रेलवे क्रॉसिंग के पास जंगल में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। सूचना मिलने पर थाना रानीपुर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। रानीपुर थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक अहमद अली खान ने बताया कि मृतक ने “विनायकम स्कूल” लिखा हुआ टी-शर्ट पहना हुआ था। स्कूल प्रबंधन से संपर्क करने पर पता चला कि यह स्कूल करीब सात वर्ष पहले बंद हो चुका है। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि मृतक बैतूल के ओझा ढाना इलाके का हो सकता है या संभवतः कबाड़ बीनने का काम करता रहा होगा। ट्रेन से गिरने से मौत की आशंका थाना प्रभारी अरविंद कुमरे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मृतक के ट्रेन से गिरकर घायल होने और मौके पर पड़े रहने के कारण मौत होने की आशंका जताई जा रही है। शव की पहचान के प्रयास जारी हैं। पुलिस ने शव को घोड़ाडोंगरी ले जाकर सुरक्षित रख लिया है।मृतक के परिजनों की जानकारी मिलने पर शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने मर्ग क्रमांक 55/25 कायम कर घटना की सूचना एडीएम सहित वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दी है।


