बैतूल स्टेशन पर कोयला मालगाड़ी से उठा धुआं:फायर ब्रिगेड ने काबू पाया, नागपुर–खंडवा जा रही गाड़ी

नागपुर से खंडवा जा रही एक कोयला लदी मालगाड़ी के वैगन में रविवार रात बैतूल रेलवे स्टेशन के पास अचानक आग लग गई। जैसे ही रैक स्टेशन के करीब पहुंची, मालगाड़ी के गार्ड ने एक वैगन से धुआं उठते देखा। उन्होंने तुरंत स्टेशन प्रबंधन को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही स्टेशन प्रबंधक ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए नगर पालिका की फायर ब्रिगेड को मौके पर बुलाया। मालगाड़ी को तीसरे नंबर प्लेटफॉर्म पर खड़ा किया गया, जहां फायर ब्रिगेड की टीम ने तत्परता से पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। आग बुझाने के बाद मालगाड़ी को उसके गंतव्य के लिए आगे रवाना कर दिया गया। रेलवे सूत्रों के अनुसार, कोयले में आग लगने की संभावना लोडिंग पॉइंट पर ही होती है। बताया गया कि कोराडी (नागपुर) से खंडवा पावर हाउस जा रही इस रैक में लोडिंग के दौरान जला हुआ कोयला भी वैगनों में डाला गया था, जिससे आग भड़क सकती है। रेलवे सूत्रों के मुताबिक, सितंबर माह में भी इसी तरह की घटना हुई थी। बार-बार हो रही इस समस्या को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। जीआरपी थाना प्रभारी राजेश बनकर ने बताया कि कोयले के अंदर आग या धुआं उठना सामान्य बात है। उन्होंने कहा कि अक्सर इस तरह की घटनाएं कोयला लदी मालगाड़ियों में होती रहती हैं। उन्होंने यह भी बताया कि आग पर फायर ब्रिगेड की मदद से तुरंत काबू पा लिया गया था और उसके बाद गाड़ी को रवाना कर दिया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *