भास्कर न्यूज | गुमला जिले में बीते 24 घंटे अंदर अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए हादसों में ग्रामीण की मौत हो गई। जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें एक घायल को बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया गया। इन घटनाओं ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पहली घटना गुरदरी थाना क्षेत्र की है। इस संबंध में मृतक की पत्नी बिमला केरकेट्टा (उम्र 52 वर्ष), ग्राम सखुआ टोली पोस्ट डुम्बरपाठ थाना गुरदरी जिला गुमला ने गुमला थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर जानकारी दी है। आवेदन में उन्होंने बताया है कि शाम करीब 3 बजे उनके पति अरुण केरकेट्टा (उम्र 48 वर्ष) पिता याकूब केरकेट्टा महुआडांड़ गए हुए थे। जहां से मोटरसाइकिल से वे घर लौट रहे थे। इसी दौरान गुरदरी थाना के गुरदरी मोड़ के पास सड़क पर अचानक एक बैल आ गया। बैल को बचाने में बाइक अनियंत्रित हो गई और वे सड़क किनारे गिरकर घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल प्राइवेट क्लिनिक सूर्या अस्पताल ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें सदर अस्पताल रेफर किया गया। जांच के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं दूसरी घटना शहरी क्षेत्र में घटी। जहां बाइक से गिरकर दो युवक घायल हो गए। कार्रवाई की मांग: मृतक की पत्नी ने पुलिस से मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। जिले में अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में 22 जनवरी तक कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई है। 15 जनवरी की सुबह गुमला-रांची नेशनल हाइवे (एनएच-23) पर भरनो थाना क्षेत्र के भड़गांव के पास एक तेज रफ्तार हाइवा ने पिकअप वैन को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई और 1 व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था। इस महीने गुमला जिले में कई अन्य जानलेवा हादसे भी हुए हैं, जिसमें विगत 15 जनवरी को रायडीह (सुरसांग) अज्ञात वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। 17 जनवरी को चैनपुर (छतरपुर) में कार और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत में एक हाई स्कूल शिक्षक की मौत हो गईं। 8-9 जनवरी सिसई और अन्य सिसई थाना क्षेत्र और अन्य स्थानों पर सड़क दुर्घटनाएं हुई थी।


