गणतंत्र दिवस को देखते हुए भारत-पाकिस्तान सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। जैसलमेर से लगती अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सीमा सुरक्षा बल ने 22 जनवरी से 28 जनवरी तक चलने वाले विशेष अभियान ऑपरेशन सर्द हवा की तैयारी तेज कर दी है। सर्दी, कोहरा और कम विजिबिलिटी के बीच घुसपैठ और तस्करी रोकने के लिए BSF ने जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। सीमा सुरक्षा बल (BSF) के सूत्रों के अनुसार, सर्दियों के इन दिनों में पश्चिमी राजस्थान की सरहद पर भारी कोहरा और धुंध छाई रहती है। विजिबिलिटी कम होने का फायदा उठाकर सीमा पार से घुसपैठ, तस्करी या किसी भी तरह की अवांछित गतिविधि की आशंका बढ़ जाती है। इसी ‘नापाक’ मंसूबे को नाकाम करने के लिए BSF हर साल इस विशेष ऑपरेशन ‘ऑपरेशन सर्द हवा’ को अंजाम देती है। ऑपरेशन के दौरान तारबंदी के पास जवानों की संख्या में भारी इजाफा किया गया है। तारबंदी के पास बढ़ाई जवानों की तैनाती ऑपरेशन सर्द हवा के दौरान अंतरराष्ट्रीय सीमा की तारबंदी के पास जवानों की संख्या में इजाफा किया गया है। सीमा पर राउंड-द-क्लॉक निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके। हेडक्वार्टर छोड़ बॉर्डर पर डटे अधिकारी इस अभियान की खास बात यह है कि हेडक्वार्टर और कार्यालयों में तैनात जवानों और अधिकारियों को भी सीमा पर ड्यूटी दी गई है। BSF के अधिकारी खुद दिन-रात व्हीकल पेट्रोलिंग के जरिए सीमा की निगरानी कर रहे हैं। इस दौरान तारबंदी के पास जवानों की राउंड-द-क्लॉक तैनाती सुनिश्चित की गई है। ऊंटों और पैदल गश्त के जरिए रेत के टीलों पर पदचिह्नों (खुर्रा) की बारीकी से जांच की जा रही है ताकि किसी भी घुसपैठ का पता लगाया जा सके। धुंध और कोहरे की चुनौती, इंटेलिजेंस विंग एक्टिव गौरतलब है कि इन दिनों सरहद पर कड़ाके की ठंड व कोहरे के कारण सीमा सुरक्षा बल है अलर्ट पर है। BSF की अपनी खुफिया इकाई के साथ-साथ अन्य केंद्रीय और राज्य खुफिया एजेंसियों के साथ भी रियल-टाइम तालमेल बैठाया जा रहा है। कोहरे में देखने के लिए आधुनिक उपकरणों जैसे नाइट विजन कैमरों और थर्मल इमेजर का अधिक उपयोग किया जा रहा है। पुलिस और खुफिया तंत्र का तालमेल BSF नॉर्थ सेक्टर के सूत्रों के अनुसार, सीमा सुरक्षा बल भारत की रक्षा की पहली पंक्ति है। गणतंत्र दिवस के दौरान सीमावर्ती गांवों और थानों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है। सीमा से सटी पुलिस चौकियों को विशेष निर्देश दिए गए हैं कि वे हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखें। बीएसएफ अपनी रूटीन एक्सरसाइज के तहत गर्मी में ‘ऑपरेशन गर्म हवा’ और सर्दी में ‘ऑपरेशन सर्द हवा’ चलाती है। इस साल जैसलमेर सेक्टर में सुरक्षा व्यवस्था को मल्टी-लेयर बनाया गया है ताकि परिंदा भी पर न मार सके। 28 जनवरी तक चलने वाले इस सघन अभियान के दौरान जैसलमेर की पूरी अंतरराष्ट्रीय सीमा को सील जैसा माहौल दिया गया है। न केवल तारबंदी बल्कि सीमा के रेतीले धोरों और दुर्गम इलाकों में भी गश्त को दोगुना कर दिया गया है।


