बोकारो सिटी थाना क्षेत्र के सेक्टर-2सी स्थित श्री वैष्णवी ज्वेलर्स में बीती रात चोरी की घटना सामने आई है। चोर दुकान से नगदी और चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। हालांकि, दुकान में रखा लॉकर सुरक्षित रहा, जिससे सोने के आभूषण चोरी होने से बच गए। दुकान के मालिक राजू कुमार ने बताया कि वे रोज की तरह रात करीब 8 बजे दुकान बंद कर अपने घर रामनगर कॉलोनी चले गए थे। सुबह उन्हें मकान मालिक ने दुकान का सीसीटीवी कैमरा टूटा होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि दुकान की एस्बेस्टस शीट टूटी हुई थी और अंदर सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। सोने के जेवरात पूरी तरह सुरक्षित चोरों ने दुकान में रखी नकदी और चांदी के जेवरात पर हाथ साफ किया। वे लॉकर खोलने में असफल रहे, जिससे उसमें रखे सोने के जेवरात पूरी तरह सुरक्षित हैं। दुकान मालिक के अनुसार, चोरी गए सामान और नगदी का सही आकलन अभी नहीं हो सका है। नुकसान की पूरी जानकारी सामान समेटने के बाद ही सामने आ पाएगी। घटना की सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने दुकान का मुआयना किया और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। इस घटना को लेकर स्थानीय व्यापारियों में चिंता का माहौल है। उन्होंने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस ने मामले का जल्द खुलासा करने का आश्वासन दिया है।


