धौलपुर में राजस्थान सरकार के सड़क सुरक्षा अभियान के अंतर्गत ‘रन फॉर सेफ्टी’ मैराथन का आयोजन किया गया। जिला परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग द्वारा आयोजित इस मैराथन को जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजीव मागो ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मैराथन से पहले न्यायाधीश संजीव मागो ने उपस्थित विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए वाहन चलाते समय यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने पर जोर दिया। मागो ने सड़क सुरक्षा हेतु जिला प्रशासन और परिवहन विभाग के प्रयासों की सराहना भी की। इस अवसर पर जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी ने कहा कि बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को केवल जागरूकता के माध्यम से ही नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना ही इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने अपने संबोधन में कहा कि यदि कोई व्यक्ति केवल ट्रैफिक पुलिस को देखकर यातायात नियमों का पालन करता है, तो वह स्वयं को ही धोखा दे रहा है। उन्होंने नियमों के नियमित और स्वैच्छिक पालन की आवश्यकता पर बल दिया। जिला परिवहन अधिकारी गौरव यादव ने आगामी 15 दिवसीय सड़क सुरक्षा अभियान की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने जानकारी दी कि जिले भर में व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जिसमें एलईडी रथ और सड़क सुरक्षा जागरूकता रथ विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को जागरूक करेंगे। मैराथन प्रतियोगिता में बालिका वर्ग में कुमारी नीलम गुर्जर ने प्रथम, रचना गुर्जर ने द्वितीय और कमलेश मीणा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पुरुष वर्ग में ब्रजकिशोर प्रथम, विजय सिंह द्वितीय और बिशन सिंह तृतीय रहे। सभी विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसी कार्यक्रम के दौरान जिला परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग की ओर से ‘नो हेलमेट नो एंट्री’ पोस्टर भी जारी किया गया। इस पोस्टर का विमोचन जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजीव मागो, जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी, जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान, जिला शिक्षा अधिकारी सुक्खो देवी, डिप्टी फिजिकल बृजेंद्र कोली, डॉ. निखिल अग्रवाल और पूर्व डिप्टी फिजिकल विजय उदैनिया सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने किया। सड़क सुरक्षा जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना सड़क सुरक्षा अभियान के अंतर्गत जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजीव मांगो, जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी व जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान द्वारा परिवहन विभाग की ओर से सड़क सुरक्षा जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। जिला परिवहन अधिकारी गौरव यादव ने बताया कि जागरूकता रथ शहरी क्षेत्र में तथा ग्रामीण क्षेत्र में अलग-अलग रवाना किए गए है। जो कि यातायात नियमों के वीडियो विजुअल के माध्यम से लोगों के बीच चलाई जा रहे हैं। इसके अलावा यातायात नियमों को लेकर लगातार वॉयस के माध्यम से अभियान चलाया जा रहा है। समारोह में सहायक कमांडेंट सुरेश सांखला, परिवहन निरीक्षक दीपक शर्मा, ओम चौधरी, गौरव सक्सेना, शैलेंद्र वर्मा, वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक चोब सिंह, अजय बघेल,राकेश परमार, परमजीत सिंह, पूजा नरसल,रचना सिंह, अनु वशिष्ठ,मोहम्मद जाकिर हुसैन, भूदेव त्यागी, योगेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।


