जैनामोड़ | एजी कॉलेज ऑफ फार्मेसी एवं सैमफोर्ड इंटरनेशनल अकादमी में बसंत पंचमी के अवसर पर मां सरस्वती की पूजा श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ सम्पन्न हुई। प्राचार्य प्रो. निथिन फिलिप, उप प्राचार्या प्रो. लिसा सैम तथा उप प्राचार्य शशिकांत कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। कार्यक्रम में नर्सिंग एवं फार्मेसी संकाय के विद्यार्थियों ने सहभागिता निभाई। इस दौरान सरस्वती वंदना, मंत्रोच्चार, जाप एवं आरती का आयोजन किया गया। पूजा को लेकर विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल देखा गया। इस दौरान विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर विद्यार्थियों ने आनंद उठाया। सिटी रिपोर्टर | बोकारो शुक्रवार को बोकारो-चास में विद्या की देवी मां सरस्वती की पूजा-अर्चना पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ की गई। शहर के सभी स्कूलों, कॉलेजों एवं शैक्षणिक संस्थानों में सरस्वती पूजा का भव्य आयोजन हुआ। वहीं विभिन्न सेक्टरों और मोहल्लों में छोटे-बड़े पंडाल बनाकर मां सरस्वती की प्रतिमा स्थापित की गई। कई स्थानों पर प्रतिमा के साथ-साथ मां की तस्वीर रखकर विधिवत पूजा संपन्न कराई गई। सरस्वती पूजा को लेकर सुबह से ही बाजारों में रौनक देखने को मिली। पूजन सामग्री और फलों की दुकानों पर ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ी रही। बैर, गाजर, शकरकंद, बुंदिया सहित अन्य पूजन सामग्री की जमकर बिक्री हुई। फूल दुकानों पर भी श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गईं। छात्र-छात्राएं सुबह स्नान कर नए वस्त्रों में अपने-अपने स्कूल और कॉलेज पहुंचे। पूरे भक्ति भाव के साथ मां सरस्वती की आराधना की गई। पूजा स्थलों पर भक्ति गीत गूंजते रहे, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया। शहर के मंदिरों में भी पूजा के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। कुल मिलाकर बोकारो-चास में सरस्वती पूजा का पर्व शांतिपूर्ण और उल्लासपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। बोकारो | मुस्कान हॉस्पिटल में हर्षोल्लास के साथ बसंत पंचमी पर मां सरस्वती की पूजा अर्चना की गई। हॉस्पिटल के चिकित्सा अधीक्षक सह निदेशक डॉ. इरफान अंसारी ने मां सरस्वती की अराधना करते हुए शांति की कामना की। इस अवसर पर उनके साथ अस्पताल के नर्स, स्टाफ मरीज के परिजन और आगंतुक भी उपस्थित थे। वैदिक रीति रिवाज से मां सरस्वती का पूजा किया गया। खास बात यह रही की पूजा मंडप की सजावट का जिम्मेवारी अफजल अंसारी ने पूरा किया। सांप्रदायिक सौहार्द का ऐसा मेल बंधन विरल ही देखने को मिलता है। पूजा में शामिल डॉक्टर, नर्स व अन्य।


