झारखंड राज्य क्रिकेट संघ की अंतर जिला सीनियर महिला क्रिकेट प्रतियोगिता का आगाज हो गया है। चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए उद्घाटन मैच में बोकारो ने लोहरदगा को 9 विकेट से हरा दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लोहरदगा की टीम 27.1 ओवर में सिर्फ 64 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से आफरीन खान और प्रीति आनंद ने 12-12 रन बनाए। बोकारो की बाएं हाथ की स्पिनर रिन्नी बर्मन ने कमाल की गेंदबाजी की। उन्होंने 9 रन देकर 4 विकेट झटके। खुशबू कुमारी, साक्षी कुमारी, प्रीति कुमारी और शिक्षा को एक-एक विकेट मिला। 8 चौके और 2 छक्कों की मदद से नाबाद 47 रन बनाए 65 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बोकारो ने 6.2 ओवर में ही एक विकेट खोकर मैच जीत लिया। ओपनर शशि माथुर ने 8 चौके और 2 छक्कों की मदद से नाबाद 47 रन बनाए। रिन्नी बर्मन को उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें 5 हजार रुपए का नकद पुरस्कार दिया गया। टूर्नामेंट का उद्घाटन टी.आर.डी.ओ. निशिकांत महंथी ने किया। उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और कप्तानों की मौजूदगी में टॉस कराया। जिला क्रिकेट संघ के महासचिव और झारखंड क्रिकेट संघ के पूर्व उपाध्यक्ष असीम कुमार सिंह की गेंद पर शॉट लगाकर उन्होंने टूर्नामेंट का आगाज किया।


