बोकारो पुलिस ने सरस्वती पूजा और गणतंत्र दिवस के मद्देनजर जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस केंद्र में एक मॉक ड्रिल का आयोजन किया। इस अभ्यास के माध्यम से पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या उपद्रव को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मॉक ड्रिल का नेतृत्व मेजर प्रणव कश्यप ने किया। उन्होंने बताया कि त्योहारों में युवाओं की अधिक भागीदारी होती है, जिससे कई बार उत्साह में माहौल बिगड़ने की आशंका रहती है। ऐसी आपात स्थितियों से निपटने के लिए पुलिस बल की तैयारियों को परखना आवश्यक है। अभ्यास के दौरान, काल्पनिक उपद्रवियों द्वारा पथराव की स्थिति उत्पन्न की गई। पुलिस ने पहले उन्हें समझाने और चेतावनी देने का प्रयास किया। लाठीचार्ज और फायरिंग का भी अभ्यास किया गया स्थिति न संभलने पर आंसू गैस के गोले छोड़े गए और पानी के फव्वारे का प्रयोग किया गया। इसके बाद भी उपद्रव जारी रहने पर लाठीचार्ज और फायरिंग का अभ्यास किया गया। इस दौरान काल्पनिक रूप से दो लोगों के घायल होने की स्थिति भी दर्शाई गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य वास्तविक परिस्थितियों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है। इसका लक्ष्य आम जनता को यह भरोसा दिलाना भी है कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे त्योहारों को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं और किसी भी अफवाह या गलत गतिविधि से दूर रहें। बोकारो पुलिस शहर की सुरक्षा में पूरी सतर्कता के साथ जुटी हुई है, ताकि सभी लोग बिना किसी डर के पर्व का आनंद उठा सकें।


