नागौर जिले के नावा उपखंड मुख्यालय के पास ग्राम हेमपुर के समीप एक निजी बस और बाइक की टक्कर में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब युवक अपने गांव लौट रहा था। दुर्घटना के बाद बस चालक बस सहित मौके से फरार हो गया। घायल को 108 एम्बुलेंस से नावा हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे कुचामन सिटी हायर सेंटर रेफर किया गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 108 एम्बुलेंस ने पहुंचाया हॉस्पिटल दुर्घटना की सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। एम्बुलेंस चालक मूल सिंह और नर्सिंग स्टाफ ने घायल को प्राथमिक चिकित्सा दी और तुरंत नावा उप जिला हॉस्पिटल पहुंचाया। समय पर हॉस्पिटल पहुंचने से घायल की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। घायल की पहचान और हालत घायल युवक की पहचान जोशीपुरा निवासी 30 साल के जगपाल पुत्र सोहन सिंह के रूप में हुई है। वह नावा से अपने गांव जा रहा था। हॉस्पिटल में मौजूद डॉक्टरों ने बताया कि युवक के हाथ और पैर में गंभीर फ्रैक्चर आए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे कुचामन सिटी हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दर्ज किया मामला हादसे की जानकारी मिलते ही नावा पुलिस हॉस्पिटल पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। घायल के भाई की ओर से नावा पुलिस थाने में लिखित रिपोर्ट दी गई है। पुलिस ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फरार बस चालक की तलाश पुलिस ने दुर्घटना स्थल का मौका मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। बस और उसके चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है ताकि फरार बस की पहचान की जा सके।


