बोकारो में अवैध कार्यालय ध्वस्त:बीएसएल की जमीन पर कब्जे का आरोप, आपराधिक गतिविधियों के संचालन के आरोप में कार्रवाई

बोकारो के सेक्टर-6/B थाना क्षेत्र में अपराधी विनोद कुमार उर्फ विनोद खोपड़ी के अवैध रूप से निर्मित कार्यालय को मंगलवार को प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई टाउन एंड एडमिनिस्ट्रेशन डिपार्टमेंट और बीएसएल प्रशासन के संयुक्त सहयोग से की गई। यह कार्रवाई अमृता सिंह की शिकायत के बाद हुई, जिन्होंने सेक्टर-8A में अपने पति जयंत कुमार को धमकी देने, अपहरण और हत्या के आरोप में विनोद कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। हरला थाना पुलिस ने विनोद कुमार को 14 दिसंबर को ओडिशा से गिरफ्तार किया था और 15 जनवरी को उसे जेल भेज दिया गया था। इस मामले को लेकर बोकारो की कई सामाजिक संस्थाओं और आम नागरिकों ने विनोद कुमार के लिए कड़ी सजा की मांग की थी। उन्होंने सड़क जाम, प्रदर्शन और भूख हड़ताल भी की थी। लोगों की प्रमुख मांग थी कि विनोद कुमार के उस अवैध कार्यालय को तोड़ा जाए, जहां से कथित तौर पर आपराधिक गतिविधियां संचालित होती थीं। दो दिनों तक चली भूख हड़ताल के बाद जिला प्रशासन ने कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई का आश्वासन दिया था। अवैध निर्माण को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं: बीएसएल टाउन एडमिनिस्ट्रेशन अधिकारी प्रशासन ने स्टेट कोर्ट से आदेश प्राप्त कर पीपी एक्ट 1971 के तहत यह कार्रवाई की। बीएसएल टाउन एडमिनिस्ट्रेशन के अधिकारी ए.के. सिंह ने बताया कि इस अवैध निर्माण को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद कानूनी प्रक्रिया अपनाई गई। बोकारो सिटी डीएसपी आलोक रंजन ने जानकारी दी कि विनोद कुमार पर लगभग 20 आपराधिक मामले दर्ज हैं। सेक्टर-6 में बना यह कार्यालय अवैध रूप से संचालित हो रहा था और अपराधियों का ठिकाना बना हुआ था। बीएसएल द्वारा जारी इविक्शन ऑर्डर के तहत यह ध्वस्तीकरण किया गया। कार्रवाई के दौरान विनोद कुमार के कुछ समर्थकों ने विरोध करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस बल की भारी मौजूदगी के कारण काम शांतिपूर्ण ढंग से पूरा किया गया। गौरतलब है कि विनोद कुमार वर्तमान में जेल में है। उसने नगर निगम चुनाव में मेयर पद के प्रत्याशी के लिए अपना नामांकन दाखिल किया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *