बोकारो में दो संगठित आपराधिक गिरोहों का भंडाफोड़:चोरी और रंगदारी से जुड़े 7 अपराधी गिरफ्तार, जेवरात और नकदी बरामद

बोकारो पुलिस ने जिले में सक्रिय दो संगठित आपराधिक गिरोहों का पर्दाफाश करते हुए कुल सात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इन गिरोहों में एक चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाला और दूसरा रंगदारी व फायरिंग की साजिश रचने वाला गिरोह शामिल है। पुलिस की इस कार्रवाई से बोकारो सिटी और मुफ्फसिल क्षेत्र में सक्रिय आपराधिक नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। पिछले कई महीनों से बोकारो सिटी क्षेत्र में बंद घरों को निशाना बनाकर लगातार चोरी की घटनाएं हो रही थीं, जिससे लोग दहशत में थे। इन घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (नगर) आलोक रंजन के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। कोर्ट के पास से पकड़ा गया, जेवरात और नकदी बरामद विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए चोरी गिरोह के सरगना बबलू राम उर्फ भाटिया को बोकारो कोर्ट के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर चोरी किया गया एक लैपटॉप और चांदी के जेवरात बरामद किए गए। इसके बाद बबलू से मिली जानकारी के आधार पर उसके अन्य सहयोगियों नीरज कुमार नायक, साहिल कुमार उर्फ पुग्गा और राजबीर कुमार उर्फ बाबू को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके पास से सोने जैसे जेवरात और 28 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह बंद घरों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था और लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा था। हथियार और कारतूस जब्त दूसरी ओर, मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में पुलिस ने रंगदारी मांगने और गोलीबारी की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया। 31 जनवरी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर चास और सियालजोरी थाना की संयुक्त टीम ने एक सफेद रंग की XUV-500 गाड़ी का पीछा किया। बान्धडीह रेलवे ओवरब्रिज के पास घेराबंदी कर तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान रजनीश शर्मा उर्फ शुक्ला, सलमान अहमद और मोहम्मद सैफुद्दीन के रूप में हुई है। इनके पास से एक देशी पिस्टल, आठ जिंदा कारतूस, एक धमकी भरा पत्र, वायरलेस डोंगल और XUV गाड़ी बरामद की गई। फायरिंग की बात स्वीकार की पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने सितंबर 2025 में बान्धडीह रेलवे साइडिंग पर एक ठेकेदार से रंगदारी मांगने के लिए की गई फायरिंग की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है, जिसमें एक ट्रैक्टर चालक घायल हुआ था। एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि आरोपी रजनीश शर्मा के खिलाफ विभिन्न थानों में नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस की तत्परता से बड़ी आपराधिक घटनाओं को समय रहते टाल दिया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *