बोकारो के पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र में उत्पाद विभाग ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। जेल मोड़ के पास कैलाश लाइन होटल के पीछे एक मैदान से नकली विदेशी शराब जब्त की गई। उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी। इस पर यूपी नंबर की जय मा दुर्गा ट्रांसपोर्ट की गाड़ी की तलाशी ली गई। वाहन से नकली विदेशी शराब मिली। जब्त शराब की कीमत करीब 13 लाख रुपए है। प्राथमिक जांच में पता चला कि शराब पर लगे लेबल और सील नकली हैं। इसे बाजार में बेचने की योजना थी। छापेमारी के दौरान ट्रक चालक और अन्य लोग मौके से भाग निकले। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। उत्पाद विभाग ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि अवैध शराब के बारे में जानकारी मिले तो तुरंत प्रशासन को बताएं।


