बोकारो जिले के चास मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत पुपुनकी आश्रम के पास रविवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब शराब के नशे में धुत उपद्रवियों ने पुलिस बल पर पथराव कर दिया। घटना में पुलिस की एक पेट्रोलिंग गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। जबकि चार से छह पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों में एक जवान को पत्थर लगने से मामूली चोट आई है। बताया जा रहा है कि आश्रम परिसर में बाबा मुनि की वर्षगांठ का आयोजन चल रहा था, जिसे लेकर सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। वाहन रोकने की शिकायत पर पहुंची पुलिस चास डीएसपी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ युवक आश्रम आने-जाने वाले वाहनों को जबरन रोक रहे हैं और लोगों से अभद्र व्यवहार कर रहे हैं। शिकायत मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें समझाने का प्रयास किया। इसी दौरान नशे में धुत युवकों ने पुलिस से बहस शुरू कर दी। बात बढ़ते-बढ़ते हाथापाई में बदल गई और देखते ही देखते उपद्रवियों ने पुलिसकर्मियों पर पथराव कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर मौजूद पुलिस बल को संभलने में समय लगा। चार थानों की फोर्स पहुंची, इलाका बना पुलिस छावनी घटना की सूचना मिलते ही चास एसडीपीओ प्रवीण सिंह सहित आसपास के चार थानों की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती के बाद पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। पुलिस वाहनों के सायरन और अतिरिक्त बल को देखकर उपद्रवियों में हड़कंप मच गया और वे तितर-बितर होने लगे। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए मजिस्ट्रेट की निगरानी में फोर्स की तैनाती की गई है, ताकि दोबारा कोई अप्रिय घटना न हो। थाना प्रभारी से हाथापाई, तीन आरोपी हिरासत में इस दौरान चास मुफ्फसिल थाना प्रभारी प्रकाश मंडल के साथ भी स्थानीय लोगों ने हाथापाई की और पथराव किया। वे बंगाल से पुपुनकी आश्रम आ रहे लोगों को रोककर अभद्र व्यवहार की शिकायत पर मौके पर पहुंचे थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ जारी है। डीएसपी प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है और उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


