29 अगस्त 2022 को बालीडीह थाना क्षेत्र के बोकारो रेलवे डंप यार्ड में गोलीबारी कर दहशत फैलाने के आरोपी विनय सिंह उर्फ बिट्टू सिंह उर्फ बिट्टू नेपाली की रांची से गिरफ्तारी हुई है। बोकारो पुलिस ने उसे सुखदेव नगर थाना, रांची के किशोरगंज से उसके घर से गिरफ्तार किया। गुरुवार को बालीडीह पुलिस ने कागजी कार्रवाई के बाद बिट्टू नेपाली को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। इस संबंध में थाना प्रभारी नवीन सिंह ने बताया कि बिट्टू नेपाली ने बोकारो रेलवे वेगन कटिंग की नीलामी को लेकर डंप यार्ड में गोलीबारी कर दहशत फैलाया था। इस मामले में शामिल पांच आरोपी पहले से जेल में हैं। जबकि इसका मास्टर माइंड बिट्टू तीन साल से फरार था। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी, लेकिन वह हर बार बच निकलता था। फायरिंग मामले में पहले गिरफ्तार आरोपियों में बिहार मुंगेर के रतनपुर निवासी रोहित सिंह, रांची हरमू रोड न्यू आनंद नगर निवासी पिंटू वर्मा, रांची डोरंडा निवासी तबारक अंसारी, रांची पुंदाग निवासी रोहित वर्मा व रांची के मोरहाबादी निवासी लालदेव महतो शामिल है। पुलिस ने बताया कि ये सभी आदतन अपराधी हैं, जो वर्तमान में रांची जेल में बंद सन्नी सिंह गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं। उसे खिलाफ बोकारो के अलावा रांची, रामगढ़ और हजारीबाग जिले में रंगदारी, आर्म्स एक्ट, हत्या का प्रयास, अपहरण, डकैती, चोरी के करीब आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।


