सिटी रिपोर्टर | बोकारो बोकारो राष्ट्रीय मजदूर संघ की कार्यसमिति भंग कर दी गई है। फिलहाल यूनियन के संचालन के लिए तीन सदस्यीय अस्थाई तदर्थ समिति का गठन किया गया है। संघ के महामंत्री राजीव रंजन सिंह ने बिनोद कुमार को इस संबंध में पत्र लिखकर अवगत कराया है और तदर्थ समिति की सूचना भी दी है। इसमें भारतीय मजदूर संघ में कार्यरत यूनियन के अधिवेशन का प्रावधान होने के बाद भी नहीं कराना बताया गया है। लिखे गए पत्र में कहा गया है कि बीएसएल में बोकारो स्टील राष्ट्रीय मजदूर संघ सम्बद्ध भारतीय मजदूर संघ की कार्य कर रही थी। यूनियन के एक वार्षिक द्विवार्षिक अधिवेशन का प्रावधान है, जिसके अन्तर्गत भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री की ओर से आपको कई बार मौखिक अधिवेशन कराने की सलाह दी गई थी। परंतु आपने अधिवेशन नहीं कराया। इसके कारण भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश कार्यसमिति के दिनांक 8-9 जून 2024 व दिनांक 21-22 दिसंबर 2024 के निर्णयानुसार तथा 26-27 अप्रैल 2025 को भी कार्यसमिति में अधिवेशन कराने का प्रस्ताव भेजा था। फिर भी आपने प्रदेश कार्यसमिति के प्रस्ताव का उल्लंघन किया, जो भारतीय मजदूर संघ रीति नीति एवं अनुशासन का खुला उल्लंघन है। कार्य संचालन हेतु एक अस्थायी तदर्थ समिति का भी गठन किया गया है। इसमें संयोजक बीबी गोसाई, सदस्य मनोज कुमार सिंह व पांडव दास शामिल हैं। तदर्थ समिति तीन महीने तक यूनियन का समस्त कार्य करेगी।


