भास्कर संवाददाता | चूरू राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 12 फरवरी से शुरू होने वाली परीक्षा में इस उत्तरपुस्तिकाओं पर बार कोड अंकित होगे। इससे पहले 2017-18 में केवल अंग्रेजी की उत्तरपुस्तिकाओं पर बार कोड अंकित थे। इस बार बोर्ड ने इसे सभी विषयों की उत्तरपुस्तिकाओं पर अंकित करने का निर्णय लिया है। इतना ही नहीं इस बार सप्लीमेंट्री उत्तरपुस्तिका 8 पेज की अलग से दी जाएगी। पहले परीक्षार्थी की एक उत्तरपुस्तिका भर जाने पर दूसरी नई उत्तरपुस्तिका अलॉट होती थी। अब अलग से सप्लीमेंट्री उत्तरपुस्तिका परीक्षार्थी को दी जाएगी। ये जानकारी बोर्ड के ट्रेनर प्रेमसिंह इंदा व बजरंगलाल सैनी ने गुरुवार को केंद्राधीक्षकों की बैठक में दी। इस बैठक का आयोजन राजकीय गोयनका उमावि में किया गया, जिसमें जिले के 233 केंद्राधीक्षक एवं 45 पेपर कॉर्डिनेटर शामिल हुए। इससे पहले संयुक्त निदेशक संगीता मानवी, सीडीईआे डॉ. संतोष महर्षि, उपनिदेशक डॉ. गोविंदसिंह राठौड़ एवं डीईओ मा. मुख्यालय किशनलाल गहनोलिया ने मीटिंग का शुभारंभ करते हुए कहा कि बोर्ड परीक्षा के संचालन में केंद्राधीक्षकों की भूमिका अहम होती है। बैठक व्यवस्था, प्रश्नपत्र सुरक्षा, पेपर के बंडल खोलने एवं वितरण करने एवं बचे हुए का हिसाब रखना होगा। बोर्ड एवं जिलास्तर की उड़नदस्ते जांच कर सकते हैं। डीईओ गहनोलिया एवं एडीईओ मा. कमल शर्मा ने केंद्राधीक्षकों से कहा कि वे केवल की-बोर्ड वाला मोबाइल रख सकेंगे। केंद्र के अन्य कर्मचारी कोई भी मोबाइल नहीं रख सकेंगे। परीक्षा समाप्ति से पहले विद्यार्थियों को नहीं छोड़ा जाएगा। केंद्र पर रजिस्टरों की सूची, विभिन्न प्रपत्रों की जानकारी स्मार्ट बोर्ड के जरिये पीपीटी से दी। बोर्ड के रिसोर्स पर्सन ने केंद्राधीक्षकों को परीक्षा के दौरान रखी जाने वाली सभी सावधानियों के बारे में जानकारी दी। थाने से पेपर लाने से लेकर परीक्षा आयोजन एवं परीक्षा के बाद उत्तरपुस्तिकाओं को संग्रहण केंद्र तक पहुंचाने के नियमों की जानकारी दी। गोयनका स्कूल प्रधानाचार्य ओमप्रकाश फगेड़िया ने सभी अधिकारियों का स्वागत किया। बैठक में रतनगढ़ सीबीईओ संदीप व्यास, सरदारशहर सीबीईओ सुभाष सोनगरा, सुजानगढ़ सीबीईओ सुनीता, चूरू एसीबीईओ सूर्यकांत शर्मा, राजगढ़ एसीबीईओ बेधड़क, तारानगर एसीबीईओ संजय शर्मा, सहायक निदेशक महेंद्र बड़सरा, एडीईओ मा. बृजेंद्र दाधीच एवं खासोली स्कूल प्रिंसिपल गीता भाटिया आदि मंचस्थ थे। संचालन प्रधानाचार्य मुकुल भाटी ने किया।


