मऊगंज जिले के बरही गांव में सात लोगों ने एक युवक को बोलेरो से कुचल कर मार डाला। इस दौरान एक आरोपी भी गाड़ी की चपेट में आ गया, जिससे उसकी भी मौत हो गई। घटना सोमवार रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। हनुमना पुलिस ने मंगलवार को छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी अनिल काकड़े के मुताबिक, घटना में हनुमना निवासी विंध्यवासिनी गुप्ता और बड़ा गांव निवासी आकाश दुबे की मौत हुई है। आकाश बोलेरो में आए सात आरोपियों में से एक था। टीआई के मुताबिक, गांव में ऑर्केस्ट्रा चल रहा था। सड़क किनारे खड़े होकर विंध्यवासिनी नाम का युवक भी गाने सुन रहा था। इस बीच बोलेरो से आरोपी वहां पहुंचे। उनकी नजर विंध्य पर पड़ी तो उन्होंने उसे गाड़ी से कुचलने की प्लानिंग की। मारने वाला भी बोलेरो की चपेट में आया
इसके बाद आकाश दुबे ने गाड़ी से उतरकर विंध्यवासिनी गुप्ता को पकड़ लिया। बाकी छह लोग बोलेरो में ही थे। अमित द्विवेदी नाम का युवक उसे चला रहा था। अमित ने जैसे ही विंध्य पर गाड़ी चढ़ाई तो आकाश हट नहीं पाया। दोनों बोलेरो के नीचे आ गए। अस्पताल में दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। मृतक की बहन को परेशान करते थे आरोपी
टीआई अनिल काकड़े के मुताबिक, आरोपी विक्रम शुक्ला और कुलदीप शुक्ला विंध्य की बहन को परेशान किया करते थे। विंध्य ने आरोपियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे उससे रंजिश रखने लगे। पिता बोले- शराब के लिए भी पैसे मांगते थे
मृतक के पिता राम जियावन गुप्ता ने बताया कि आरोपियों ने कुछ दिन पहले विंध्य से शराब पीने के लिए पैसे मांगे थे। उसने पैसे देने से इनकार किया तो उस समय आरोपी वहां से चले गए, लेकिन चार-पांच दिन बाद फिर से पैसे की मांग करने लगे। विंध्य ने फिर भी पैसे नहीं दिए तो आरोपियों ने उसे थप्पड़ मारे थे। घटना के बाद पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बोलेरो को जब्त कर लिया है। वहीं, 6 आरोपियों अमितधर द्विवेदी (20), मुकेश बढ़ई उर्फ मुन्ना (20), कुलदीप शुक्ला उर्फ छोटू (20), शिवकुमार बढ़ई (30), विक्रम शुक्ला (18) और राहुल मौर्या (20) को गिरफ्तार कर लिया है। ये खबर भी पढ़ें- लेडी कॉन्स्टेबल ने एसआई को कुचला, मौत राजगढ़ रिजर्व पुलिस लाइन में पदस्थ सब इंस्पेक्टर की कार से कुचलकर हत्या कर दी गई। कार पचोर थाने की महिला आरक्षक पल्लवी सोलंकी की थी। वारदात के बाद पल्लवी और उसका साथी करण ठाकुर देहात थाने पहुंचे। सूत्रों के मुताबिक, यहां दोनों ने कहा- हमने एसआई को मार दिया है। पढ़ें पूरी खबर…


