ब्यावरा की ज्वेलरी शाॅप पर चाेरी:ब्यावरा की ज्वेलरी शाॅप पर चाेरी; बोले- चोरों को हर हाल में पकड़ा जाएगा

ब्यावरा के सुभाष चौक स्थित धान मंडी में शुभम ज्वेलर्स पर हुई बड़ी चोरी की वारदात हो गई। व्यापारी गिरीश अग्रवाल की दुकान में अल सुबह चोरों ने सेंध लगाकर लाखों के गहने चुरा लिए। घटना के बाद शनिवार को प्रदेश के मंत्री नारायण सिंह पंवार ने घटनास्थल का दौरा किया और पुलिस अधिकारियों को अपराधियों को जल्द पकड़ने के सख्त निर्देश दिए। मंत्री पंवार बोले- चोरों को हर हाल में पकड़ा जाएगा घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद मंत्री पंवार ने कहा- “यह घटना चोरों की सुनियोजित साजिश का नतीजा लगती है। जनता की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है। इस मामले में कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाए।” उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया गया है। व्यापारियों में आक्रोश, सुरक्षा बढ़ाने की मांग इस घटना के बाद व्यापारियों में गहरा आक्रोश है। व्यापारियों ने मंत्री पंवार और पुलिस अधिकारियों से बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की। व्यापारियों का कहना है कि घटना ने व्यापारिक माहौल को प्रभावित किया है और जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो असुरक्षा की भावना और बढ़ सकती है। पुलिस की जांच तेज, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे घटना के बाद पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी है। एडिशनल एसपी आलोक शर्मा और एसडीओपी नेहा गौर ने बताया कि चोरी के संबंध में कुछ अहम सुराग मिले हैं। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान एडिशनल एसपी आलोक शर्मा, एसडीओपी नेहा गौर, थाना प्रभारी वीरेंद्र धाकड़, भाजपा मंडल अध्यक्ष राजू यादव और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री पंवार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाजार क्षेत्र में गश्त और निगरानी बढ़ाई जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *