ब्यावर में मकर संक्रांति पर होगा महारक्तदान शिविर:फतेहपुरिया बगीची में बैठक में तैयारियों को लेकर हुई चर्चा

ब्यावर में सामाजिक सरोकारों के लिए सक्रिय संस्था ‘मानव सेवा संकल्प’ मकर संक्रांति के अवसर पर एक महारक्तदान शिविर का आयोजन करेगी। इस आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए मंगलवार को स्थानीय फतेहपुरिया बगीची में संस्था की बैठक हुई। बैठक में सर्वसम्मति से रक्तदान शिविर को सफल बनाने हेतु विभिन्न जिम्मेदारियां तय की गईं। इस दौरान आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप देने पर विस्तार से चर्चा की गई। आगामी महारक्तदान शिविर के संयोजक के रूप में वंदे गौ मातरम ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं गौ-सेवक दीपक रांकावत तथा अग्रवाल समाज के कोषाध्यक्ष एवं समाजसेवी मुकेश गर्ग को जिम्मेदारी सौंपी गई है। दोनों संयोजकों ने विश्वास दिलाया कि वे समर्पित टीम के साथ मिलकर अधिक से अधिक रक्तदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करेंगे और शिविर को प्रेरणादायी बनाएंगे। बैठक को संबोधित करते हुए संस्था के प्रणेता एडवोकेट अजय शर्मा ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “आज के समय में रक्त की उपलब्धता अनगिनत जीवन बचा सकती है। रक्तदान केवल सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि मानवता की सबसे बड़ी सेवा है।”
एडवोकेट शर्मा ने आगे कहा कि प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को आगे आकर इस पुण्य कार्य में भाग लेना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से आह्वान किया कि वे जीवन बचाने के इस महाअभियान से जुड़ें। संस्था अध्यक्ष अमित बंसल ने बताया कि शिविर को सफल बनाने के लिए एक व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों को रक्तदान के महत्व से अवगत कराया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, सामाजिक संगठनों, व्यापारिक संस्थाओं एवं धार्मिक समूहों से सहयोग लिया जाएगा। पोस्टर, प्रदर्शनियों और सोशल मीडिया के माध्यम से “रक्तदान–महादान” का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा, जिससे यह शिविर सेवा और संवेदनशीलता का प्रतीक बन सके। बैठक को संस्थापक सदस्य राव वीरेंद्र सिंह यादव, समाजसेवी निर्मल बंसल, प्रवीण बडौला, प्रो. जलालुद्दीन काठात, उद्योगपति आशीषपाल पदावत, विजेंद्र प्रजापति, गोपाल डाणी, श्रवण बंसल, एडवोकेट दिलीप सिंह गोरा, ब्राह्मण समाज संयोजक मनोज शर्मा, लेब असिस्टेंट रसिक बिहारी व्यास सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *