डीग जिले के कामा स्थित ब्रज की प्रसिद्ध धरोहर 84 खंभा महल पर्यटकों की उपेक्षा का शिकार है। प्रतिदिन हजारों की संख्या में पर्यटक इस ऐतिहासिक स्थल को देखने आते हैं, लेकिन उन्हें यहां मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।
दूर-दराज से आने वाले पर्यटकों को बैठने की उचित व्यवस्था या अन्य आवश्यक सुविधाओं का अभाव खलता है। इस कारण वे मायूस होकर लौटते हैं। पर्यटकों का कहना है कि ऐसी स्थिति ब्रज की छवि को धूमिल करती है। एक ओर जहां राजस्थान प्रदेश अपनी धरोहरों, महलों और मंदिरों के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है और सरकार उनके संरक्षण पर बजट खर्च कर रही है, वहीं 84 खंभा महल जैसी महत्वपूर्ण विरासत पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
पुरातत्व विभाग और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की ओर से इस स्थल के विकास और सुविधाओं के विस्तार में कमी देखी जा रही है। पर्यटकों में इस उपेक्षा को लेकर नाराजगी है।


