भास्कर न्यूज | अमृतसर जीआरपी ने भंडारी पुल के पास रेलवे की टूटी दीवार फांदकर स्टेशन की तरफ आ रहे युवक को 4 पिस्टल और 14 जिंदा कारतूस के साथ काबू किया है। आरोपी की पहचान कप्तान सिंह उर्फ बूरा निवासी गांव नंगली भट्टा प्रीत नगर थाना कंबोह के तौर पर हुई है। आरोपी को कोर्ट में पेश करके 1 दिन का रिमांड हासिल किया गया है। एसएचओ बलबीर सिंह घुम्मन ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसके साथी ने हथियार दिए हैं, लेकिन किस लिए दिए, सप्लाई करने जा रहा था या कोई और मकसद है, इस बारे कुछ नहीं बताया है। इसके दूसरे साथी की तलाश टीमें कर रही हैं। बरामद किए गए चारों पिस्टल 32 बोर के हैं, जबकि कारतूस 7.65 एमएम के। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत पहले ही मामला दर्ज है। बता दें कि क्रिसमस और नव वर्ष को लेकर जीआरपी की टीमें अलर्ट मोड पर हैं और चेकिंग अभियान चला रही हैं। 4-5 जवानों को स्टेशन के अलग-अलग प्वाइंट पर तैनात किया गया है। साथ ही सीसीटीवी के जरिए स्टेशन पर संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है।


