राष्ट्रीय युवा शक्ति द्वारा भगत सिंह की शहादत दिवस पर रविवार को प्रतिमा को आजाद कराने व स्थान दिलाने की मांग को लेकर केंद्रीय अध्यक्ष उत्तम यादव के नेतृत्व में मार्च निकाला गया। वार्ड नंबर 30 पार्षद कार्यालय के समक्ष से मार्च निकला और पुलिस लाइन में रखी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की। उत्तम यादव ने कहा कि पिछले 23 महीना से भगत सिंह की प्रतिमा थाने में कैद है, पुलिस लाइन में सैकड़ों कबाड़ गाड़ियों के बीच में भगत सिंह की प्रतिमा के लिए दो गज जमीन नहीं मिल रही है। 16 अप्रैल 2023 को मोरहाबादी मैदान से प्रतिमा को उठाकर पुलिस लाइन के थाने लाई थी, प्रशासन द्वारा कहा गया था एक हफ्ते में स्थान दे दिया जाएगा, पर अभी तक जमीन नहीं मिली। इसलिए उसी समय से लगातार राष्ट्रीय युवा शक्ति के सदस्य आंदोलन कर रहे। राष्ट्रीय युवा शक्ति के सदस्य मुख्यमंत्री से मिलने का लगातार प्रयास कर रहे हैं, उनसे मिलने के बावजूद अगर स्थान नहीं मिलेगा तो रांची में लाखों नौजवान सड़कों में उतरकर आंदोलन कर प्रतिमा स्थापित करेंगे। कार्यक्रम में शैलेंद्र नंद तिवारी, सावन लिंडा, नीतेश वर्मा, वीरेंद्र गोप, आर्यन मेहता, रोहित यादव, निखिल गुप्ता, सोनू गुप्ता, मोनू विश्वकर्मा व अन्य शामिल थे। इधर, शहीद भगत सिंह की शहादत दिवस पर चुटिया स्थित प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पण कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में विजय कुमार साहू, डॉ राजेश सिंह व अन्य शामिल थे। इधर, भगत सिंह पार्क हरमू हाउसिंग कॉलोनी में भगत सिंह क्लब द्वारा स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव का शहादत दिवस मनाया गया। मौके पर विनोद कुमार झा, सुभाष प्रसाद व अन्य शामिल थे।


