भगवान देवनारायण का 1113वां जन्मोत्सव मनाया:गुर्जर समाज ने देवनारायण मंदिर से निकाली शोभायात्रा, छात्र-छात्राओं को किया सम्मान

भगवान देवनारायण के 1113वें जन्मोत्सव पर बुधवार को दौसा जिला मुख्यालय पर भव्य शोभायात्रा व प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। देवनारायण मंदिर व गुर्जर छात्रावास से सुबह 11 बजे गाजे-बाजे के साथ रवाना हुई शोभायात्रा फलसा वाले बालाजी, गांधी चौक, पुराना शहर होते हुए गुप्तेश्वर दरवाजा से गांधी तिराहा और आगरा रो होते हुए वापस देवनारायण मंदिर पहुंचकर सभा में बदल गई। शोभायात्रा में देवनारायण भगवान की झांकी सजाई गई, जिसके साथ युवा और महिलाएं डीजे पर भजनों की धुन पर नाचते-गाते हुए चल रहे थे। लोगों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। समारोह की शुरुआत में पूर्व विधायक जीआर खटाना और जिला परिषद सदस्य नीलम गुर्जर ने पूर्व केंद्रीय मंत्री राजेश पायलट की मूर्ति पर माला पहनाई। जिसके बाद विधायक डीसी बैरवा समेत अन्य अतिथियों ने कक्षा 10वीं और 12वीं में छात्राओं को 85% एवं छात्रों को 85% से अधिक अंक तथा स्नातक में 70% से ज्यादा, विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय स्तर के गोल्ड मेडलिस्ट खिलाड़ियों और सभी उच्च स्तरीय प्रशासनिक सेवाओं में चयनितों का सम्मान किया गया। साथ ही दानदाताओं का सम्मान भी किया गया। युवा पीढ़ी का अनुशासित होना जरूरी- खटाना पूर्व विधायक खटाना ने कहा कि ऐसे बड़े कार्यक्रमों में प्रतिभाओं का सम्मान करने से उनकी हौसला अफजाई होती है। प्रजातंत्र में सभी को सामाजिक समरसता, विचारधाराओं का सामंजस्य और आपसी भाईचारे के साथ एक-दूसरे के सहयोग की भावना से रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवा पीढ़ी का अनुशासित होना बेहद जरूरी है, क्योंकि अनुशासन की पालना से ही सर्वसमाज के लोगों में अच्छा संदेश जाता है। इस दौरान वरिष्ठ समाजसेवी कंवरपाल अंदाना, गुर्जर महासभा के कार्यवाहक अध्यक्ष कन्हैयालाल छावड़ी, छात्रावास निर्माण समिति के अध्यक्ष सरदार सिंह विधुड़ी, महामंत्री हनुमान सिंह हर्षाणा, जीकेप जिलाध्यक्ष रत्तिराम कसाना, बच्चू सिंह तूंगड़, माधोसिंह कसाना, उम्मेद सिंह कुटुकी, कमल डोई, सुमेर सिंह श्यालावास, विशम्भर बासड़ा, बनेसिंह छावड़ी, हंसराज सिंगवाड़ा, डॉ आरएस माल, कालूराम सरपंच समेत समाज के प्रबुद्ध लोग मौजूद रहे। शोभायात्रा के दौरान डिप्टी एसपी रविप्रकाश शर्मा व कोतवाली थाना इंचार्ज सुधीर उपाध्याय समेत अतिरिक्त पुलिस जाप्ते ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *