भास्कर न्यूज | अमृतसर भगवान वाल्मीकि उत्सव कमेटी पंजाब ने पावन वाल्मीकि तीर्थ यात्रा के संबंध में एडिश्नल डिप्टी कमिश्नर रोहित गुप्ता और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की। जिसमें 27 सितंबर को जालंधर से भगवान वाल्मीकि तीर्थ तक आने वाली यात्रा के बारे जानकारी दी गई। इस मौके पर उत्सव कमेटी पंजाब के आयोजकों ने प्रशासन से पूरे रूट पर सजावटी गेट लगाने, सफाई व्यवस्था चाक चौबंद करने, सड़कों का पैच वर्क और फुटपाथ ठीक करने, सड़कों के सेंट्रल वर्ज एवं चौकों का सौंदर्यीकरण करने, पीने के पानी की उचित व्यवस्था आदि करने की अपील की। उत्सव कमेटी के पंजाब प्रधान विपन सभ्रवाल ने कहा कि 27 सितंबर को भगवान वाल्मीकि उत्सव कमेटी पंजाब और वाल्मीकि वेलफेयर ट्रस्ट जालंधर की ओर से तीर्थ के लिए बस यात्रा रवाना होगी। बस यात्रा भगवान वाल्मीकि जी महाराज की पवित्र पालकी साहिब के साथ शहर में पहुंचेगी। इस बस यात्रा में करीब 700 बसों और घरेलू गाड़ियों का काफिला होंगा। बस यात्रा दोपहर एक बजे से शुरू हो श्रद्धालु करतारपुर, ब्यास, रैइया होते हुए पावन तीर्थ में नतमस्तक होंगे। इस मौके पर एडीसी गुप्ता ने उत्सव कमेटी और सोसायटियों के पदाधिकारियों को हर तरह के पुख्ता इंतजाम करने का आश्वासन दिया। बस यात्रा के शहर में पहुंचने पर वाल्मीकि समाज की अलग अलग जत्थेबंदियों की ओर से फूलों की वर्षा करके स्वागत किया जाएगा। इस मौके पर संत अशोक लंकेश, संत हैप्पी दास भील, जतिंद्र निक्का, राजीव गौरा, गुलजार खोसला, पवन द्राविड़, शशि गिल, राहुल मलिक, अमनदीप सहोता, सूरज समेत कमेटी के कई सदस्य शामिल हुए।


