भास्कर न्यूज | घरघोड़ा नगर में विश्वकर्मा पूजन महोत्सव मनाया गया। हरिचरण यादव विगत कई वर्षों से विश्वकर्मा पूजा का आयोजन करते आ रहे हैं। इस वर्ष भी उन्होंने भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना संपन्न कराई। पूजा स्थल पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। वातावरण भक्ति और आस्था से सराबोर हो गया। विशेष पूजा अनुष्ठान के बाद नगरवासियों के लिए भंडारे का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। हरि चरण यादव ने बस स्टैंड कारगिल चौक स्थित हनुमान मंदिर के पास प्रतिमा स्थापित की थी। यहां दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। विश्वकर्मा की विसर्जन यात्रा रविवार को होगी। यह शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए बगमुड़ा तालाब पहुंचेगी, जहां विधि-विधान के साथ प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।


