चाईबासा| मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत गंजड़ा गांव में बुधवार को अपराह्न 2:40 बजे के आसपास सगे भतीजे ने डंडे से सिर पर वार कर 53 वर्षीय चाचा की हत्या कर दी। हत्यारे भतीजा का प्लान चाची की हत्या करना था। लेकिन चाची को इसकी भनक पहले से थी, जिस कारण चाची जुलियानी वहां से किसी तरह निकल गई। तब भतीजे डेविड बोयपाई ने गुस्से में हड़िया पी रहे चाचा मोरन सिंह बोयपाई की डंडे से सिर पर वार कर हत्या कर दी। इसकी सूचना मुफ्फसिल थाना को दिए जाने के बाद पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में करने के बाद शाम को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। शव का पोस्टमार्टम गुरुवार को किया जाएगा। घटना के संबंध में बताया गया कि घर में परब का माहौल था। भतीजा डेविड बोयपाई ने प्लानिंग के तहत चाचा मोरन सिंह बोयपाई 53 एवं चाची 50 वर्षीया जूलियानी बोयपाई को हाड़ियां पिलाने के लिए अपने घर पर बुलाया था। चाची ने अपने पति मोरन को जल्दी घर चलने की बात कही, जिस पर आरोपी ने चाची को गाली देने लगा। जिस पर चाची वहां से खिसक गई। क्योंकि हत्यारा भतीजा चाची पर डायन का आरोप लगाया करता था। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी भतीजा घर से फरार है। गांव वालों का कहना है कि चाचा की हत्या करने के बाद आरोपी यह कहते हुए घर व गांव से निकल रहा था कि चाची जुलियानी व दोनों सगे भाई- बहन को भी जिंदा नहीं छोड़ेंगे। परिजनों के बयान पर मुफ्फसिल थाना में हत्या का मामला दर्ज किया है।


