बलौदा बाजार जिले में एक भतीजे ने अपने ही चाचा की हत्या कर दी। मर्डर का लाइव वीडियो भी सामने आया है। आरोपी यशवंत यादव (38) कुल्हाड़ी लेकर दौड़ते दौड़ते आया और चाचा नारायण यादव (45) पर हमला कर दिया। घटना में उनकी मौत हो गई। मामला पलारी थाना क्षेत्र के ग्राम गितकेरा का है। चाचा को मारने के बाद भतीजे ने थाने पहुंचकर सरेंडर भी कर दिया। बताया जा रहा है 10 साल पुराना पारिवारिक विवाद था, मकान बनाने को लेकर जमीन का विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर भतीजे ने वारदात की है। भाईयों के बीच था जमीन विवाद पुलिस के अनुसार, यह घटना लगभग 10 साल पुराने पारिवारिक विवाद का परिणाम है। मृतक नारायण यादव और आरोपी यशवंत के पिता (जो नारायण के भाई हैं) के बीच मकान बनाने को लेकर जमीन का विवाद चल रहा था। यह विवाद पहले थाने और फिर कोर्ट तक पहुंच गया था। बहस के बाद मर्डर गुरुवार (15 जनवरी) को गितकेरा गांव के चौक में चाचा-भतीजे के बीच इसी पुराने विवाद को लेकर फिर से बहस हुई। इसी दौरान यशवंत गुस्से में घर की ओर भागा और फरसा लेकर वापस चौक पहुंचा। नारायण यादव उस समय चौक में खड़े होकर बात कर रहे थे। यशवंत ने बिना किसी चेतावनी के उन पर फरसे से गले पर वार कर दिया। अस्पताल ले जाते रास्ते में तोड़ा दम वार इतना गंभीर था कि नारायण यादव तुरंत जमीन पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें उठाकर बलौदाबाजार के जिला अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यशवंत ने केवल एक ही वार किया था, जो जानलेवा साबित हुआ। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे जांच कर रही है।


