भाई बोला- अमनदीप को लगीं गंभीर चोटें, सड़क पर गिर पड़ा, दोनों आरोपी बस समेत भाग गए

फिरोजपुर के गुरुहरसहाय इलाके में दर्दनाक वारदात सामने आई। 28 वर्षीय तरलोक सिंह निवासी बस्ती केसरा सिंह वाली ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि उसके छोटे भाई अमनदीप सिंह (25) की मौत रोडवेज बस के ड्राइवर और कंडक्टर की मारपीट और बाद में तेज रफ्तार कार से कुचलने से हुई। तरलोक सिंह के अनुसार 1 अक्तूबर की शाम 7:20 बजे वह भाई अमनदीप सिंह के साथ गोलू का मोड़ से गांव लौट रहा था। अमनदीप सिंह रोडवेज बस (पीबी 05एपी7730) में सवार हुआ जबकि तरलोक बाइक पर पीछे आ रहा था। जब बस गांव मोहन के उताड़ राजगढ़ कोठी के पास पहुंची तो ड्राइवर गगन और कंडक्टर सुखविंदर सिंह ने अमनदीप को लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। शोर मचाने पर दोनों आरोपी बस को गुरुहरसहाय की तरफ लेकर भाग गए। तरलोक ने बताया कि उसका भाई सिर और शरीर पर गंभीर चोटों से लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। वह इलाज के लिए गाड़ी लेने गया, लेकिन लौटकर देखा कि एक अज्ञात कार तेज रफ्तार में गोलू की ओर से आई और उसके भाई को कुचल दिया। मौके पर ही अमनदीप की मौत हो गई। अमनदीप की 10 महीने पहले शादी हुई थी और उसकी पत्नी गर्भवती है। वह 12वीं पास था और मजदूरी कर परिवार का गुजारा करता था। परिवार में कुल 15 सदस्य हैं, जिनमें 5 भाई शामिल हैं। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक का शव हवलदार गुरचरण सिंह को सुपुर्द किया गया। अगले दिन तरलोक सिंह ने थाना गुरूसर में विस्तृत बयान दर्ज करवाया।घटना के बाद गांव में गुस्सा भड़क उठा। ग्रामीणों और परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर करीब 16 घंटे तक धरना दिया। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि जिस स्थान पर वारदात हुई, वहां पिछले तीन वर्षों से स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं। अंधेरे के कारण आए दिन हादसे और अप्रिय घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन प्रशासन ने कभी ध्यान नहीं दिया। पुलिस ने तरलोक के बयान के आधार पर रोडवेज ड्राइवर गगन, कंडक्टर सुखविंदर सिंह और अज्ञात कार चालक के खिलाफ धारा 106, 115(2), 3(5) बीएचएस के तहत अपराध दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। तरलोक सिंह ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि उसके भाई की मौत सीधे-सीधे रोडवेज़ कर्मियों की मारपीट और तेज रफ्तार कार चालक की लापरवाही से हुई है। अमनदीप की फाइल फोटो। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठे परिजन।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *