शहर के इंदिरा नगर स्थित सामुदायिक विकास भवन में माकपा (माले) की राज्य कमेटी की बैठक हुई। राज्य सचिव शंकरलाल चौधरी ने कहा कि पिछले दस वर्षों में मोदी सरकार की कार्पोरेट परस्त नीतियों की वजह से मंहगाई, बेरोजगारी व भृष्टाचार में चरम सीमा पर बढोतरी हुई है। एक प्रतिशत आबादी की आय दिन दुगनी रात चौगुनी बढ़ रही है । प्रदेश में दलितों, आदिवासियों व महिलाओं पर अत्याचारों के आंकड़े बढ रहे हैं। डबल इंजन की सरकार नाकाम साबित हुई है। राज्य के पार्टी प्रभारी व केंद्रीय कमेटी सदस्य प्रभात कुमार ने कहा कि मोदी सरकार ने गत दशक में चंद पूंजीपतियों को लूट की छूट व आम जनता का अबाध शोषण के लिए संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग व फासीवादी एजेंडे के माध्यम से आम जनता की एकता को छिन्न-भिन्न करने की मुहिम लगातार जारी रखी है किसान, मजदूर, छात्र व नौजवान सड़कों पर संघर्ष कर रहे हैं। पार्टी कार्पोरेट लूट व सांप्रदायिक फासीवादी एजेंडे के खिलाफ संघर्ष तेज करेगी। बैठक में निर्णय लिया गया कि भारत में कम्युनिस्ट आंदोलन के सौ वर्ष पूरे होने के शताब्दी वर्ष में झुंझुनूं, जयपुर व उदयपुर में फासीवाद के दौर में कम्युनिस्ट आंदोलन की भूमिका पर पार्टी जन कन्वेंशन आयोजित करेगी। बैठक में राज्य में दलितों, आदिवासियों व महिलाओं पर बढ़ रहे अत्याचारों पर गंभीर चिंता व्यक्त की तथा राज्य सरकार की नाकामी पर आक्रोश जाहिर किया। बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के किये गए अपमान की कङी निंदा करते हुए गृह मंत्री पद से इस्तीफा देने की मांग की । इसके बैठक में तय किया गया कि दो वर्ष से ज्यादा समय से कार्यरत जिला कमेटियों के चुनाव के लिए जिला सम्मेलन आयोजित किये जाएंगे । बैठक की अध्यक्षता फूलचंद ढेवा, शांतिलाल त्रिवेदी व फरहत बानो ने की।


