केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा राज्यसभा में दिए गए बयान के बाद डॉ.बीआर आंबेडकर को लेकर राजनीति गरमाती जा रही है। गुरुवार को कांग्रेस ने फूलबाग पर धरना-प्रदर्शन के साथ बारादरी चौराहे पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का पुतला जलाकर उनके बयान पर विरोध दर्ज कराया। जवाब में दोपहर बाद भारतीय जनता युवा मोर्चा कार्यकर्ता शिंदे की छावनी स्थित कांग्रेस कार्यालय के बाहर राहुल गांधी का पुतला फूंका। जवाब में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय गृहमंत्री शाह का पुतला जलाया। लगभग आधे घंटे टकराव के हालात बने रहे। ट्रैफिक डायवर्ट करने से एक घंटे परेशान हुए लोग शिंदे की छावनी स्थित कांग्रेस कार्यालय के बाहर दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं के बीच टकराव के हालात को देखते हुए पुलिस ने शिंदे की छावनी मेन रोड पर बैरीकेड लगाकर ट्रैफिक रोक दिया था। ट्रैफिक को नौगजा रोड से डायवर्ट करने से यहां जाम के हालात बन गए। लगभग एक घंटे तक वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।


