भाजपा कार्यालय बना जनसमस्याओं के समाधान का प्लेटफार्म, पार्टी कार्यकर्ताओं ने मांगे गांवों के ​विकास के लिए शासन से फंड

भाजपा प्रदेश कार्यालय स्थित सहयोग केंद्र में बुधवार को पार्टी कार्यकर्ताओं की समस्याओं को सुनने के लिए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा पहुंचे। लेकिन, वहां आम लोगों की भी भीड़ लग गई। हर कोई उप मुख्यमंत्री से अपना दर्द शेयर करने को बेताब। किसी ने पंचायत भवन में टिन शेड लगाने की मांग रखी, तो किसी ने गांव में सड़क निर्माण के लिए आवेदन दिया। कुछ ने फर्जी नियुक्ति की शिकायत की तो कई आवेदनों में भ्रष्टाचार से जुड़े मामले भी उठाए गए। सहयोग केंद्र में अपराह्न 3 बजे पहुंचे उप मुख्यमंत्री शर्मा शाम बजे तक भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम लोगों से घिरे रहे। इस दौरान 500 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए। उन्होंने कई मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए। इससे पहले सहयोग केंद्र में उनके आने की सूचना मिलते ही प्रदेश के विभिन्न जिलों से भाजपा कार्यकर्ता और आमजन सुबह से ही पहुंचने लगे थे। गांव वालों ने की सड़क की मांग
ग्राम सिंघाभेड़ी व ग्राम पंचायत सिंघाभेड़ी अंबागढ़ चौकी के सरपंच और गांव वालों ने सड़क की मांग की। सरपंच ने कहा कि इंदिरा आवास वार्ड-1 में कई बरसों से सड़क की मांग की जा रही है। बरसात के दिनों में आने-जाने में परेशानी होती है। खासकर, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों व बीमार लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। लिहाजा जल्द सीसी रोड का निर्माण होना चाहिए। नौकरी के नाम पर ठगी
बालोद के ग्राम उसरवारा में नौकरी के नाम पर ठगी का मामला सामने आया। पीड़ित सुपेन्द्र सिंह मंडावी ने कहा कि नवा रायपुर के एक व्यक्ति ने रेलवे में ग्रुप-डी की नौकरी का झांसा देकर कई लोगों से लाखों रुपए वसूले। आरोपी ने फर्जी नियुक्ति पत्र देकर मेडिकल जांच से लेकर ट्रेनिंग तक कराई। वेतन नहीं मिलने पर ठगी का अहसास हुआ। पंचायत भवन में टिन शेड की मांग
ग्राम पंचायत बालोद के पंचायत भवन में टिन शेड के लिए 10 लाख रुपए की मांग की गई। ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत भवन के सामने छायादार व्यवस्था नहीं है। इससे शासकीय और पंचायत संबंधी कार्यों के लिए आने वाले ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। पंचायत बैठक और जनसुनवाई के दौरान भी अव्यवस्था की स्थिति बन जाती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *