छत्तीसगढ़ के धमतरी में भाजपा कार्यालय में हुई तोड़फोड़ की घटना पर प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यह घटना अनुशासनहीनता है, लेकिन इसे बहुत बड़ा मुद्दा नहीं बनाया जाना चाहिए। मंत्री वर्मी ने स्पष्ट किया है कि भाजपा एक राष्ट्रीय पार्टी है, ऐसी छोटी-मोटी घटनाएं होती रहती हैं। चुनाव के दौरान टिकट न मिलने पर कार्यकर्ताओं का नाराज होना स्वाभाविक है। नगरी में स्थिति बहुत अच्छी है – मंत्री टंकराम मंत्री टंकराम वर्मा ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी एक अनुशासित पार्टी है और विश्व का बड़ा राजनीतिक दल है। परिवार इतना बड़ा है तो प्रत्याशी के चयन में या घोषणा में तात्कालिक रूप से थोड़ा बहुत नाराजगी होती है। जो उम्मीद लगाए रहते हैं, जिसको टिकट नहीं मिलता है वह नाराज हो जाते हैं, लेकिन नगरी में स्थिति बहुत अच्छी है। नगरी में नगर पंचायत अध्यक्ष और पार्षद सभी जीतकर आएंगे। मंत्री ने प्रत्याशियों के साथ चर्चा की बता दें कि बुधवार को मंत्री टंकराम एक दिवसीय धमतरी दौरे पर थे। जहां उन्होंने नगरी के नगर पंचायत क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल हुए। इसके बाद नगरी में तमाम नेताओं और प्रत्याशियों के साथ चुनाव के संबंध में चर्चा की। धमतरी नगर निगम क्षेत्र में जनसंपर्क में भी मंत्री टंकराम वर्मा शामिल हुए। शहर के लाल बगीचा वार्ड, सदर उत्तर वार्ड, बांसपारा वार्ड, मराठा पारा वार्ड सहित कई वार्डों में प्रत्याशियों के साथ डोर टू डोर लोगो से संपर्क किया। कब हुई थी आगजनी की घटना? बता दें कि 31 जनवरी 2025 को धमतरी की नगरी क्षेत्र में टिकट बटवारें से नाराज कार्यकर्ताओं ने पहले तो हंगामा किया इसके बाद बीजेपी दफ्तर में तोड़फोड़ की और आग लगा दी थी। घटना में फर्नीचर, दस्तावेज सहित कई सामान जलकर राख हो गया था।


