भाजपा की सदस्यता आवेदन का सत्यापन

भास्कर न्यूज|लोहरदगा भाजपा संगठनात्मक चुनाव 2025 को लेकर सक्रिय सदस्यता आवेदन का सत्यापन सोमवार को जिला कार्यालय में हुआ। सत्यापन प्रभारी सह प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप सिन्हा ने सभी प्रखंडों के अध्यक्षों द्वारा जमा किए गए आवेदन की जांच की। जिला अध्यक्ष चुनाव में भाग लेने के लिए सक्रिय सदस्यता अनिवार्य है। प्रदीप सिन्हा ने कहा कि भाजपा देश की एकमात्र पार्टी है, जो संविधान के अनुसार चलती है। यहां किसी व्यक्ति विशेष की इच्छा का महत्व नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा की संगठनात्मक स्थिति मजबूत है। मात्र दो सांसदों से शुरुआत करने वाली पार्टी आज केंद्र समेत 20 राज्यों में सत्ता में है। जिला अध्यक्ष मनीर उरांव ने कहा कि झारखंड में हेमंत सरकार की उदासीनता से जनता परेशान है। महिलाओं को न तो मईयां योजना का लाभ मिल रहा है, न ही विधवा और वृद्धा पेंशन। राज्य में चोरी, डकैती, लूट, भ्रष्टाचार, छेड़छाड़ और बलात्कार की घटनाएं बढ़ रही हैं। बांग्लादेशी घुसपैठियों को संरक्षण दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री खुद स्वीकार चुके हैं कि अंचल और ब्लॉक कार्यालय दलालों के अड्डे बन चुके हैं। सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा आम हो गया है। कई विभागों के कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल रहा। उन्होंने कहा कि राज्य में अराजकता इतनी बढ़ गई है कि मैट्रिक परीक्षा के पेपर लीक हो रहे हैं। इससे परीक्षाएं रद्द करनी पड़ीं, जिससे युवाओं का भविष्य खतरे में है। उन्होंने दावा किया कि झारखंड में भी जल्द एनडीए की सरकार बनेगी। इस मौके पर पूर्व जिला अध्यक्ष राजकिशोर महतो, उपाध्यक्ष हर्षनाथ महतो, महामंत्री संजय अग्रवाल, पशुपति नाथ पारस, विजय सोनी, मंडल अध्यक्ष विश्वजीत भारती, अशोक साहू, राजेंद्र महतो, राजकुमार मुंडा, रघुनाथ महली समेत कई लोग मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *