रायसेन शहर में मतदाता सूची में नाम जोड़ने या काटने को लेकर पूर्व कांग्रेस पार्षद सहित करीब 1400 मतदाताओं पर आपत्तियां दर्ज की गई हैं। इस मामले में कांग्रेस पार्टी ने बुधवार को तहसील कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और चुनाव आयोग मिलकर मतदाताओं के नाम काटने का षड्यंत्र कर रहे हैं। पार्टी का कहना है कि जिन नामों पर आपत्तियां दर्ज कराई जा रही हैं, वे गलत हैं और आपत्ति दर्ज करने वाले व्यक्ति दूसरी विधानसभा क्षेत्र के निवासी हैं, जो नियमानुसार अनुचित है। कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि इन आपत्तियों पर बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) ने पंचनामे बनाए हैं, जबकि आपत्ति दर्ज कराने वाले संबंधित विधानसभा क्षेत्र के निवासी ही नहीं हैं। रायसेन नगर में ऐसे कई नामों पर आपत्तियां लगाई गई हैं, जिनके नाम मतदाता सूची में दर्ज हैं, उनके वोटर कार्ड और पासपोर्ट तक बने हुए हैं। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मनोज अग्रवाल के साथ कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन नायक तहसीलदार को सौंपा कांग्रेस ने फर्जी आपत्ति लगाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। चेतावनी दी गई है कि यदि कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा। वार्ड आठ से कांग्रेस की पूर्व पार्षद फरजाना के नाम पर भी आपत्ति लगाई गई है। पार्षद प्रतिनिधि असलम खान ने आपत्ति लगाने वाले व्यक्ति को फोन कर जानकारी ली। उस व्यक्ति ने बताया कि उसे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है और न ही उसने कोई आपत्ति दर्ज कराई है। शहर के अन्य वार्डों से भी इसी तरह की आपत्तियों के मामले सामने आए हैं।


