भास्कर न्यूज | अमृतसर पंजाब भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व विधायक अमरपाल सिंह बोनी अजनाला ने अजनाला की दो वार्डों पर होने वाले उप चुनावों में धक्केशाही और भाजपा कार्यकर्ताओं को परेशान करने का आरोप गया है। मंगलवार को प्रेस कांफ्रेंस में बोनी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता को धमकाया जा रहा है और खुलेआम फर्जी वोटें बनाई जा रही हैं। बोनी इसमें प्रशासन की भी मिलीभगत का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा के अजनाला ट्रेड यूनियन अध्यक्ष विपन खत्री को खुलेआम धमकी दी जा रही है। उनकी दुकान पर अलग-अलग विभागों की छापेमारी भी चल रही है। उन्होंने कहा कि कल खत्री की दुकान के बाहर कूड़े से भरी ट्राली खड़ी थी जिसके बाद विभिन्न विभागों ने उनकी दुकान पर छापेमारी की और आज फिर उनकी दुकान पर छापेमारी कर उन्हें परेशान किया जा रहा है। खत्री पर भाजपा का प्रचार न करने का दबाव बनाया जा रहा है।


