मैहर जिले के ग्राम धतूरा में सोमवार दोपहर एक युवक और उसकी मां के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की घटना सामने आई है। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। जानकारी के अनुसार, दुकान संचालक राजा पटेल अपनी मां रुकमणि बाई पटेल के साथ दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान गांव के भाजपा नेता एवं पूर्व सरपंच इंद्रपाल पटेल और पोषण लाल पटेल अपने कुछ साथियों के साथ लाठी-डंडे लेकर दुकान पहुंचे। उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी। जब राजा पटेल ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने मां-बेटे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस मारपीट में मां-बेटा घायल हो गए। घटनास्थल पर मौजूद कुछ ग्रामीणों ने इस पूरी वारदात का वीडियो बना लिया। मारपीट में घायल राजा पटेल ने मैहर कोतवाली थाना पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


