करौली में भारतीय जनता पार्टी ने अटल स्मृति शताब्दी वर्ष और वीर बाल दिवस के उपलक्ष्य में एक बैठक का आयोजन किया। इस दौरान पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों, सिद्धांतों और देश के विकास में उनके योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक को पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी, संभाग प्रभारी हेमराज मीणा और जिला प्रभारी नारायण मीणा ने संबोधित किया। कार्यक्रम में पूर्व प्रधानमंत्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। वक्ताओं ने अटल बिहारी वाजपेयी के आदर्शों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि वाजपेयी के सिद्धांत आज भी प्रासंगिक हैं और उनके विचारों को न केवल भाजपाइयों बल्कि आमजन को भी अपने जीवन में अपनाना चाहिए। बताया गया कि अटल स्मृति शताब्दी वर्ष के तहत जिले भर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष गोवर्धन सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने अरुण चतुर्वेदी का स्वागत किया। कार्यक्रम में करौली विधायक दर्शन सिंह और सपोटरा विधायक हंसराज बालोती सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। इससे पूर्व अरुण चतुर्वेदी ने करौली स्थित मदन मोहन मंदिर में दर्शन कर देश और प्रदेश की शांति व खुशहाली की कामना की।


