भाजपा ने देवेंद्र को फिर सौंपी जिला अध्यक्ष की कमान:विधानसभा और लोकसभा चुनाव में बेहतर तालमेल के साथ पार्टी के लिए किया था काम

भिंड बीजेपी के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष को लेकर लगाई जाने वाली अटकलों पर विराम लग गया है। पार्टी की ओर से नवनियुक्त जिलाध्यक्ष को लेकर बुधवार को नियुक्ति पत्र जारी कर दिया है। भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर देवेंद्र नरवरिया को भिंड जिले का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है। बता दें अक्टूबर 2022 में देवेंद्र नरवरिया को जिलाध्यक्ष पार्टी ने बनाया था। पहली बार इस पद पर आसीन हुए नरवरिया ने अपने कार्यकाल में लोकसभा और विधानसभा चुनावों में सराहनीय भूमिका निभाई थी। पार्टी ने उन जिला अध्यक्षों को पुनः अवसर दिया है जिनका तीन साल का कार्यकाल पूरा नहीं हो पाया था। देवेंद्र नरवरिया ने सभी वर्गों और नेताओं के साथ तालमेल बिठाकर पार्टी को मजबूत करने का कार्य किया। उनकी कुशल नेतृत्व क्षमता और संगठनात्मक अनुभव को देखते हुए पार्टी ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है। कई नेताओं की उम्मीदों पर फिरा पानी भिंड में बीजेपी जिलाध्यक्ष की दौड़ इस बार खासा चर्चा में रही। इस पद के लिए एक दर्जन से अधिक बीजेपी नेताओं ने अपनी दावेदारी ठोकी थी। दावेदारों में जिले की कुछ प्रमुख महिला नेत्रियां भी शामिल थीं। हर कोई अपनी दावेदारी पक्की करने के लिए भोपाल से लेकर दिल्ली तक पार्टी पदाधिकारियों के दरवाजे खटखटाने में जुटा था। जैसे ही प्रदेशभर में बीजेपी जिलाध्यक्षों के नामों की सूची जारी होने की खबरें आईं, भिंड के दावेदार अपने नाम के ऐलान का बेसब्री से इंतजार करने लगे। हर किसी को उम्मीद थी कि इस बार उनकी मेहनत रंग लाएगी। लेकिन, जब सूची जारी हुई तो कईयों की उम्मीदों पर पानी फिर गया। पार्टी ने एक बार फिर देवेंद्र नरवरिया पर भरोसा जताते हुए उन्हें जिलाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी। पार्टी के इस फैसले ने बाकी दावेदारों को निराश जरूर किया, लेकिन पार्टी के अंदर यह संदेश भी स्पष्ट कर दिया कि काम और निष्ठा के आधार पर ही जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। देवेंद्र नरवरिया की पुनर्नियुक्ति से उनके समर्थकों में खुशी की लहर है, जबकि अन्य दावेदार इसे पार्टी के निर्णय के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के साथ स्वीकारने की बात कह रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *