भास्कर न्यूज | अमृतसर नगर निगम चुनाव निपटने के बाद भाजपा ने पार्टी दफ्तर शहीद हरबंस लाल खन्ना स्मारक में सम्मान समारोह का आयोजन किया। जिला प्रधान हरविंदर सिंह संधू की अगुवाई में हुए समागम में जीते हुए पार्षदों को सम्मानित किया गया और जो हार गए उनकी हौसला आफजाई की गई। पार्टी नेताओं ने वोटरों का आभार जताते हुए कार्यकर्ताओं में साल 2027 में होने वाले विधान सभा चुनावों के लिए एकजुट होने का भी आह्वान किया। संधू ने बताया कि समागम में पूर्व सांसद, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और नगर निगम चुनाव प्रभारी श्वेत मलिक, प्रदेश महासचिव राकेश राठौर, प्रदेश सचिव तथा सह-प्रभारी राकेश शर्मा विशेष रूप से उपस्थित हुए। इस दौरान पार्षदों कृति अरोड़ा पत्नी अजय अरोड़ा (वार्ड-5), अमनदीप ऐरी (वार्ड-6), श्रुति विज (वार्ड-10), रमा मेहता पत्नी राकेश मेहता (वार्ड-15), प्रीत कौर पत्नी रणजीत सिंह गोल्डी (वार्ड-27), अमरजीत कौर पत्नी गुरकंवल मान (वार्ड- 35), गौरव गिल (वार्ड-60), रजनी महाजन पत्नी बलदेव राज बग्गा (वार्ड- 61) तथा विकास गिल (वार्ड-68) को सम्मानित किया गया। संधू ने विजयी पार्षदों को बधाई देते हुए कहा कि यह लोग जनता की आवाज आप सरकार के कानों तक पहुंचाने के लिए निगम हाउस में बुलंद करेंगें तथा जनता की समस्याओं को हल करवाएंगे। संधू का आरोप है कि आम आदमी पार्टी ने भाजपा उम्मीदवारों को रोकने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया। यहां तक कि जिला प्रशासन के अधिकारियों पर दबाव बनाकर कागज भी रद्द करवाए। झूठे मामले तक दर्ज करवाने से आप सरकार पीछे नहीं रही। लेकिन फिर भी जनता ने भाजपा पर भरोसा जताया और जनता के भरपूर समर्थन से भाजपा प्रत्याशियों ने विपक्ष के उम्मीदवारों को कड़ी टक्कर दी। उन्होंने कहा कि गुरुनगरी सहित पंजाब की जनता तथा भाजपा कार्यकर्त्ता 2027 के चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार हैं और यह निगम चुनाव पंजाब विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के तख्ता पलट की शुरुआत है। इस मौके पर सीनियर नेता राजिंदर मोहन सिंह छीना, राकेश गिल, जिला महासचिव सलिल कपूर व मनीष शर्मा, बख्शी राम अरोड़ा, सुखमिंदर सिंह पिंटू, डॉ. राम चावला, कुमार अमित आदि मौजूद थे।


