भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की पहल:कार्यकर्ताओं की सुनवाई के लिए अब जिलों में बनेंगी सहयोग सेल

मप्र में भाजपा अब अपने कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करने के लिए जिला स्तर पर ही शिकायतों के समाधान का एक सिस्टम लॉन्च करने जा रही है। प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की पहल पर हर जिले में एक सहयोग सेल का गठन किया जाएगा। इसमें पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों के साथ ही ऐसे रिटायर्ड प्रशासनिक व पुलिस अफसरों को रखा जाएगा, जो भाजपा की विचारधारा से जुड़े हैं। भाजपा ने पिछले 1 दिसंबर से प्रदेश भाजपा कार्यालय में रोज दो घंटे कार्यकर्ताओं के संवाद के लिए दो मंत्रियों के बैठने की व्यवस्था की है। इसे लगभग 45 दिन पूरे हो चुके हैं। हर दिन पार्टी कार्यालय में प्रदेशभर से अपने काम व शिकायतें लेकर आने वाले कार्यकर्ताओं की संख्या बढ़ती जा रही है। कई ऐसी समस्याओं को लेकर पार्टी कार्यकर्ता भोपाल तक आए हैं, जिनका समाधान जिला स्तर पर ही हो सकता है। ऐसी शिकायतों की समीक्षा के बाद प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने जिला स्तर पर भी कार्यकर्ताओं की समस्याओं के निराकरण की व्यवस्था बनाने को कहा है। प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन ने इस संबंध में सभी जिलाध्यक्षों को पत्र जारी कर सहयोग सेल के गठन के लिए नेता और रिटायर्ड अधिकारियों के नाम भेजने को कहा है। हर शिकायत या आवेदन का रखा जाएगा हिसाब
जिला स्तर पर बनने वाली सहयोग सेल में आने वाले हर आवेदन और शिकायती पत्र का ब्यौरा रखा जाएगा। इसके साथ ही उसके समाधान होने तक सहयोग सेल हर आवेदन के निराकरण का फॉलोअप भी लेगी। जिस तरह सीएम हेल्पलाइन में शिकायत की लेबलिंग होती है, उसी तरह एल-1, एल-2 या एल-3 लेबलिंग कर शिकायत या आवेदन के लंबित होने की जानकारी रखी जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *