भाजपा प्रभारी लता वानखेड़े शाजापुर आईं:दूषित जल घटना पर बोलीं- सीएम के संज्ञान में मामला, कार्रवाई होगी

भाजपा की उज्जैन संभाग प्रभारी और सागर सांसद लता वानखेड़े सोमवार को शाजापुर पहुंचीं। यहां उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। वानखेड़े ने मां राजराजेश्वरी मंदिर में दर्शन किए और इसके बाद वे शुजालपुर के लिए रवाना हुई। वे शुजालपुर तथा कालापीपल विधानसभा क्षेत्रों की बैठक लेंगी और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगी। इंदौर में सामने आई दूषित जल की घटना को लता वानखेड़े ने दुखद बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं इस गंभीर मामले का संज्ञान ले रहे हैं। हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। सरकार की प्राथमिकता है कि आमजन को सुरक्षित और स्वच्छ पेयजल मिले और लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई हो। कांग्रेस द्वारा एसआईआर कमेटी गठित करने की मांग पर वानखेड़े ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि घोटालों का इतिहास कांग्रेस का रहा है, जबकि भाजपा पारदर्शिता से काम करती है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मतदाता सूची को शुद्ध करने की प्रक्रिया लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए है, ताकि कोई भी संदिग्ध नाम सूची में शामिल न हो।प्रदेश में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा से छेड़छाड़ की घटनाओं पर भी वानखेड़े ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के बयान, जिसमें उन्होंने इन घटनाओं को पूर्वनियोजित बताया था, पर उन्होंने कहा कि बाबा साहब भाजपा के आदर्श हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने बाबा साहब का अपमान किया है और उनके नाम पर हमेशा राजनीति की है। इसके विपरीत, भाजपा उनके विचारों को जमीनी स्तर पर लागू करने का काम कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *